रामनगर पहुंची दादा गुरु की निराहार नर्मदा परिक्रमा

रामनगर पहुंची दादा गुरु की निराहार नर्मदा परिक्रमा

  • पुष्पवर्षा से हुआ आत्मीय स्वागत
  • मधुपुरी के घोड़ाघाट में हुआ रात्रि विश्राम और प्रवचन
  • आज महाराजपुर संगम पहुंचेगी यात्रा

मंडला महावीर न्यूज 29. माँ नर्मदा की कठिन निराहार परिक्रमा पर निकले संत दादा गुरु अपनी यात्रा के अगले पड़ाव के तहत गुरुवार को रामनगर होते हुए मधुपुरी घोड़ाघाट पहुंचे। इस दौरान पूरी परिक्रमा मार्ग भक्तिमय नजर आया और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दादा गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। बताया गया कि बुधवार रात्रि को दादा गुरु ने देवगांव संगम में विश्राम किया, जहाँ संध्या आरती और आध्यात्मिक प्रवचन का आयोजन हुआ। इसके बाद गुरुवार सुबह सैंकड़ों परिक्रमावासियों के साथ यात्रा आगे बढ़ी और दोपहर में रामनगर पहुँची।बताया गया कि रामनगर में दोपहर विश्राम के दौरान दादा गुरु ने श्रद्धालुओं से चर्चा की। इस अवसर पर स्थानीय भक्तों ने उन पर पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। गुरुवार की रात्रि का पड़ाव मधुपुरी के घोड़ाघाट मेला स्थल में रहा। यहाँ रात्रि में आयोजित प्रवचन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। परिक्रमा के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज शुक्रवार दोपहर यात्रा महाराजपुर संगम पहुंचेगी। जिसके बाद परिक्रमा का अगला विश्राम खुर्सीपार में होगा। दादा गुरु के साथ चल रहे परिक्रमावासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है और मार्ग में जगह-जगह भंडारे व स्वागत की व्यवस्थाएं की जा रही हैं।



 

Leave a Comment