गौ-हत्या के विरोध में नैनपुर रहा पूर्णत: बंद
- आक्रोशित हिंदू संगठनों ने घेरा एसडीएम कार्यालय
- वार्ड 10 में मिला था गौ-वंश का कटा सिर
- सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, दोषियों पर रासुका की मांग
मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर नगर के वार्ड क्रमांक 10 शांति नगर में बुधवार को एक गौ-वंश का कटा हुआ सिर मिलने की हृदयविदारक घटना के बाद गुरुवार को पूरे नगर में भारी आक्रोश देखा गया। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के आह्वान पर नैनपुर पूरी तरह बंद रहा। व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर इस निंदनीय कृत्य के विरुद्ध अपना विरोध दर्ज कराया।
बताया गया कि बुधवार दोपहर करीब 1 बजे शांति नगर के व्यस्त चौराहे पर स्थानीय नागरिकों ने एक बछड़े का कटा हुआ सिर देखा। रिहायशी इलाके के बीचों-बीच इस तरह अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और हिंदू समाज के प्रतिनिधियों का आरोप है कि यह घटना किसी जंगली जानवर का कृत्य नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द बिगाडऩे की एक सोची-समझी साजिश है, क्योंकि अवशेषों को जानबूझकर मुख्य मार्ग के बीच में रखा गया था।
प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, दी चेतावनी
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने अनुविभागीय दण्डाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि आरोपियों की पहचान कर उन पर कठोर धाराओं में मामला दर्ज किया जाए। भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी और सुरक्षा बढ़ाई जाए। क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और स्थिति को नियंत्रित किया। हिंदू समाज के सदस्यों ने बछड़े के अवशेषों को सम्मानपूर्वक भगवा वस्त्र से ढका और मंत्रोच्चार के साथ प्रशासन को सुपुर्द किया। पुलिस ने अवशेषों को परीक्षण के लिए सुरक्षित भेज दिया है जिससे मृत्यु के कारणों का वैज्ञानिक स्पष्टीकरण हो सके। पुलिस प्रशासन ने विशेष टीम गठित की है जो वार्ड 10 और आसपास के निजी व सार्वजनिक स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। नैनपुर पुलिस ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वस्त किया है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी। फिलहाल नगर में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है।









