भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी देवहार की सीसी रोड
- बिना टेंडर काम और मशीनों से निर्माण के गंभीर आरोप
- मजदूरी मद से राशि आहरण और इंजीनियर से मिलीभगत की आशंका
- नियमों की उड़ाई धज्जियां, बिना निविदा और मूल्यांकन के भुगतान
- जिला स्तरीय दल ने शुरू की जांच
मंडला महावीर न्यूज 29. जनपद पंचायत नारायणगंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत देवहार में निर्मित सीसी रोड अब भ्रष्टाचार के बड़े आरोपों से घिर गई है। शिकायतों के बाद जिला स्तरीय जांच दल ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जिससे प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इस सड़क का निर्माण बिना किसी विधिवत तकनीकी मूल्यांकन और वैधानिक निविदा प्रक्रिया के कराया गया है। स्थानीयजनों कहां कि इस मामले में उच्चस्तरीय जांच करते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
बताया गया कि सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया है कि निर्माण का पूर्ण मूल्यांकन होने से पहले ही तत्कालीन सचिव अभिषेक शर्मा द्वारा संपूर्ण राशि का आहरण कर लिया गया। आरोप है कि निर्माण कार्य ठेकेदारी शैली में मशीनों से कराया गया, जबकि कागजों में मजदूरी मद की राशि निकालकर वित्तीय अनियमितता की गई है।
इंजीनियर की भूमिका पर उठे सवाल
ग्रामीणों का दावा है कि घटिया निर्माण के दौरान संबंधित इंजीनियर सुनील शर्मा को कम से कम चार बार फोन कर सुधार का आग्रह किया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। स्थानीय स्तर पर तत्कालीन सरपंच इमरती बाई, सचिव और इंजीनियर के बीच गहरी सांठगांठ की आशंका जताई जा रही है। खराब गुणवत्ता के कारण ग्रामीणों ने पूर्व में कार्य रुकवा भी दिया था।
जांच के घेरे में मार्ग निर्माण कार्य
सूत्रों के अनुसार योजना में मनरेगा श्रमिकों से काम कराने की बात कही जा रही है, जो नियमों का गंभीर उल्लंघन हो सकता है। जांच दल ने निर्माण सामग्री के नमूने प्रयोगशाला भेज दिए हैं और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए हैं।










