वित्तीय साक्षरता के लिए मोबाइल वैन रवाना, गांव-गांव जाकर ग्राहकों को करेगी जागरूक
- आरबीआई के निर्देश पर मनाया जा रहा साक्षरता सप्ताह
- डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के सिखाए जाएंगे गुर
मंडला महावीर न्यूज 29. वित्तीय साक्षरता सप्ताह के अंतर्गत आरबीआई के निर्देशानुसार 13 फरवरी तक नागरिकों को बैंकिंग के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सेन्टर बैंक ऑफ इंडिया बिछिया और समर्पित संस्था के सहयोग से एक जन-जागरूकता मोबाइल वैन को रवाना किया गया।
जागरूकता रथ (मोबाइल वैन) को सेन्टर बैंक बिछिया के शाखा प्रबंधक रितेश ठाकुर द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस वैन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाना और सुरक्षित बैंकिंग के प्रति शिक्षित करना है। बताया गया कि बिछिया के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता के लिए वाहन की व्यवस्था की गई। यह मोबाइल वैन बिछिया, घुघरी और मवई जैसे ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न गांवों का भ्रमण करेगी।
वैन के माध्यम से ग्रामीणों और बैंक ग्राहकों को जागरूकता से संबंधित जानकारी दी जाएगी। जिसमें ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल लेनदेन के दौरान होने वाली धोखाधड़ी से कैसे बचें। केंद्र व राज्य सरकार की महत्वपूर्ण बैंकिंग योजनाओं का लाभ कैसे उठाएं। पिन और ओटीपी की गोपनीयता बनाए रखने के प्रति जागरूकता।
इनकी रही सक्रिय भूमिका
इस विशेष पहल में सेंटर बैंक बिछिया के समस्त स्टाफ सहित समर्पित संस्था से आस्था सोनी, नरेश गायकवाल, स्वाति सोनी और कमलेश दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्था का लक्ष्य है कि ग्रामीण अंचलों के अंतिम व्यक्ति तक सुरक्षित बैंकिंग का संदेश पहुँचाया जा सके।









