नारायणगंज में चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान संपन्न
- नवनिर्मित मंदिर में हुई प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा
- विधायक चैन सिंह बरकड़े ने की 2 लाख की घोषणा
- विशाल भंडारे में उमड़ा जनसैलाब
मंडला महावीर न्यूज 29. स्थानीय बस स्टैंड स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर परिसर में चार दिवसीय भव्य धार्मिक अनुष्ठान का समापन विशाल भंडारे और मूर्ति स्थापना के साथ हुआ। पीपल के वृक्ष के नीचे नवनिर्मित मंदिर में भगवान हनुमान, शिव जी और शनिदेव की प्रतिमा को विधि-विधान से प्रतिष्ठित किया गया।
अनुष्ठान के दौरान पिछले चार दिनों से कलश यात्रा, भजन-कीर्तन और रामधुन का अनवरत आयोजन चलता रहा। मूर्ति स्थापना पंडित कृष्ण कुमार पांडे श्याम महाराज द्वारा संपन्न कराया गया। इस आध्यात्मिक आयोजन में क्षेत्र के ख्यातिलब्ध गायकों और रामधुन मंडलियों ने रात भर अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध किया।
विधायक ने दी आर्थिक सहायता
कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे क्षेत्रीय विधायक चैन सिंह बरकड़े ने हवन-पूजन में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर विकास के लिए 2 लाख रुपए की राशि समर्पित करने की घोषणा की। विधायक ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए महत्वपूर्ण बताया।
भव्य भंडारे का आयोजन
बुधवार को नारायणगंज का साप्ताहिक बाजार होने के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्र के लोग पहुंचे। स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों के विशेष सहयोग से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। बाजार में आए नागरिकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते भंडारा देर रात तक चलता रहा, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर समिति और बस स्टैंड के व्यापारियों ने इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में अपना बहुमूल्य समय और योगदान दिया, जिससे पूरा नगर भक्तिमय नजर आया।









