खनिज विभाग की कार्रवाई, रेत का अवैध परिवहन करता ट्रैक्टर जप्त
- हिरदेनगर क्षेत्र में दबिश देकर खनिज अमले ने पकड़ा वाहन
- कलेक्टर न्यायालय भेजा गया प्रकरण
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन में खनिज विभाग द्वारा की जा रही सतत कार्रवाई के तहत बुधवार को हिरदेनगर क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध सफलता प्राप्त हुई है।
खनिज विभाग को प्राप्त शिकायतों और कलेक्टर के विशेष निर्देशों के परिपालन में खनिज निरीक्षक एवं विभागीय अमले ने हिरदेनगर क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान रेत का अवैध परिवहन करते हुए एक टैक्टर क्रमांक एमपी 51 एए 7470 को पकड़ा गया। वाहन चालक खनिज परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद वाहन को तत्काल जप्त कर लिया गया।
कठोर नियमों के तहत होगी कार्रवाई
जप्त किए गए वाहन को शासकीय अभिरक्षा में लेते हुए चौकी प्रभारी हिरदेनगर की सुपुर्दगी में दे दिया गया है। विभाग द्वारा संबंधित वाहन मालिक के विरुद्ध मप्र खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम 2022 के कड़े प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह मामला अब आगामी वैधानिक कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय को प्रेषित किया जा रहा है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध उत्खनन में संलिप्त माफियाओं में हड़कंप की स्थिति है।









