अपराधमुक्त बालाघाट जोन का लक्ष्य
- आईजी ललित शाक्यवार का मंडला दौरा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
- नारकोटिक्स और साइबर अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति
- नवीन एसपी कार्यालय के स्थल का किया निरीक्षण
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस महानिरीक्षक बालाघाट जोन ललित शाक्यवार ने मंडला जिले का अपना प्रथम आधिकारिक भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण किया और जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।
आईजी श्री शाक्यवार ने सर्वप्रथम पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर वहां के विभिन्न शाखाओं के कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने शासन द्वारा प्रस्तावित नवीन पुलिस अधीक्षक कार्यालय के लिए चयनित स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयीन स्टाफ से संवाद कर कार्यप्रणाली को और अधिक सुगम बनाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों की बैठक में एक्शन प्लान पर की चर्चा
पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, एएसपी शिव कुमार वर्मा सहित सभी एसडीओपी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में आईजी ने प्रमुख बिंदुओं पर जोर दिया। जिसमें ई-एफआईआर और जीरो एफआईआर पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। नशे के कारोबार में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई के निर्देश। सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने और नक्सल मुक्त होने के बाद इंटेलिजेंस तंत्र को और अधिक मजबूत करने पर चर्चा हुई। सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण और ग्रामीण क्षेत्रों में सतत संवाद स्थापित करना।
जनता और पुलिस के बीच बढ़ेगा समन्वय
बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में आईजी ने पत्रकारों से संवाद करते हुए बताया कि बालाघाट जोन को अपराधमुक्त बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस चौपालों के माध्यम से जनता और पुलिस के मध्य बेहतर संबंध स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने हेलमेट की अनिवार्यता, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता और नाबालिगों की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे विशेष कार्यक्रमों की उपयोगिता पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।










