नारायणगंज में दादू राम सत्यराम महाराज का भव्य स्वागत

नारायणगंज में दादू राम सत्यराम महाराज का भव्य स्वागत

पुष्प वर्षा से महका नगर

  • नर्मदा तट पर पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
  • आदिवासी परिवारों को भेंट किए शिवलिंग

मंडला महावीर न्यूज 29 | माँ नर्मदा की अनवरत परिक्रमा कर रहे दादू राम सत्यराम महाराज जी के नारायणगंज आगमन पर पूरा नगर भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। जयकारों और पुष्प वर्षा के बीच ग्रामीणों ने महाराज जी का आत्मीय स्वागत किया। आध्यात्मिक यात्रा के साथ-साथ महाराज जी द्वारा सामाजिक और पर्यावरणीय संदेश भी दिए जा रहे हैं।

पौधरोपण के साथ यात्रा का शुभारंभ

महाराज जी की आज की यात्रा की शुरुआत ग्राम देवगांव से हुई। यहाँ नर्मदा तट पर पीपल और बरगद के पौधों का रोपण किया गया। इस पुनीत कार्य में पूर्व जिला सदस्य प्यारी बाई गोठारिया, दादा गुलजार एवं पूर्व सरपंच सहित समस्त ग्रामवासियों ने सहभागिता की। महाराज जी ने संदेश दिया कि नर्मदा की सेवा ही प्रकृति की सेवा है।

घर-घर स्थापित होंगे शिवलिंग

नर्मदा पथ पर यात्रा के दौरान महाराज जी ने अनूठी पहल करते हुए आदिवासी माताओं और बहनों को अपने-अपने घरों में पूजन हेतु शिवलिंग भेंट किए। देवगांव, सिकोसी और पडारिया होते हुए यात्रा जब नारायणगंज नगर पहुँची, तो वहाँ का दृश्य विहंगम था।

नगर में भव्य स्वागत और जन-उपस्थिति

नारायणगंज बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर और अन्य प्रमुख स्थलों पर सेवा समितियों ने महाराज जी की अगवानी की। इस दौरान जनपद उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा, राजेश सोनी, राकेश अग्रवाल, मृदु साहू, अभय साहू, मनोज मिश्रा, रघुनंदन विश्वकर्मा, विपिन सोनी, सुशांत अग्रवाल, विनोद अग्रवाल सहित बड़ी माई सेवा समिति, माँ नर्मदा शिवनंदन सेवा समिति और हनुमान मंदिर सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया।

समारोह में गाँव की पूर्व सरपंच पूना बाई, राजू सोनी, उमाशंकर जायसवाल एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।



Leave a Comment