वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, सर्च वारंट के साथ घर में दबिश देकर पकड़ी अवैध लकड़ी
- जगमंडल परिक्षेत्र के ग्राम घोंट में हुई कार्रवाई
- साजा चिरान के 37 नग बरामद, वन अपराध दर्ज
मंडला महावीर न्यूज 29. पूर्व सामान्य वन मंडल मंडला के अंतर्गत अवैध वनोपज के संग्रहण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए विभाग निरंतर मुस्तैद है। इसी क्रम में परिक्षेत्र जगमंडल की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम घोंट में सर्च वारंट के तहत छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध लकड़ी जब्त करने में सफलता हासिल की है।
जानकारी अनुसार जगमंडल परिक्षेत्र की टीम ने ग्राम घोंट निवासी शिवचरण साहू के मकान की तलाशी ली। इस कार्रवाई के दौरान मकान से अवैध रूप से संग्रहित 37 नग साजा चिरान (0.261 घन मीटर) बरामद की गई। जब्त लकड़ी की कुल कीमत (मावजा महसूल सहित) 8,850 रुपये आंकी गई है। विभाग ने इस मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई छापेमारी
यह पूरी कार्यवाही उप वन मंडल अधिकारी जगमंडल, माधवराव उइके के निर्देशन एवं परिक्षेत्र अधिकारी जगमंडल, श्रीमती लतिका तिवारी उपाध्याय के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
कार्रवाई में शामिल रही वन विभाग की टीम
इस महत्वपूर्ण छापेमारी में परिक्षेत्र सहायक अंजनिया ब्रजभान सिंह कुल्हिया कार्यवाहक वनपाल के साथ वन रक्षक अभिषेक शुक्ला, बालसिंह ठाकुर, पहलसिंह मार्को, प्रदीप भांडे, रामलाल हरदहा, कौशल कोकडिय़ा, टीकाराम उइके, मिलसिंह तेकाम, प्रिया गौतम, अनिता उइके, सुमन मार्को, धनवती परते तथा सुरक्षा श्रमिक सुखराम, हेमलाल और राजकुमार की सराहनीय भूमिका रही।









