अतिथि शिक्षक की छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी, छात्राओं ने खोला मोर्चा

शिक्षा का मंदिर शर्मसार

सांदीपनी विद्यालय में अतिथि शिक्षक की छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी, छात्राओं ने खोला मोर्चा

  • छात्राओं के अपमान पर भड़के जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष
  • दी पुलिस कार्रवाई की चेतावनी
  • अतिथि शिक्षक पर गिरी गाज, हटाने के निर्देश

मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के शासकीय सांदीपनी विद्यालय घुघरी में एक अतिथि शिक्षक द्वारा छात्राओं के साथ अमर्यादित व्यवहार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कक्षा 10वीं की छात्राओं ने आरोपी शिक्षक बिजेंद्र झारिया पर क्लास में सबके सामने अपमानजनक भाषा और अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया है। इस घटना से आक्रोशित छात्राओं ने सामूहिक हस्ताक्षर कर प्राचार्य को शिकायती पत्र सौंपा और आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

बताया गया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सहायक आयुक्त वंदना गुप्ता ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राचार्य के माध्यम से लिखित शिकायत मिल चुकी है और ऐसे शिक्षक को विद्यालय में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से हटाने और कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासनिक लापरवाही पर राजनीतिक आक्रोश 

इस घटना ने अब राजनीतिक तूल भी पकड़ लिया है। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम ने कहा कि उन्होंने अधिकारियों से बात की है और ऐसे शिक्षकों को जल्द से जल्द हटाने के निर्देश दिए हैं जो शिक्षा के पेशे को कलंकित कर रहे हैं। वहीं जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति अध्यक्ष कमलेश तेकाम ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तीखा रोष व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्रीय संयोजक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार करने वालों को संरक्षण देना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शिक्षक को तुरंत नहीं हटाया गया, तो वे स्वयं थाने जाकर एफआईआर सुनिश्चित कराएंगे।

छात्राओं में डर का माहौल 

पीडि़त छात्राओं का कहना है कि शिक्षक के इस व्यवहार से वे मानसिक रूप से प्रताडि़त महसूस कर रही हैं और स्कूल में असुरक्षित महसूस कर रही हैं। अभिभावकों ने भी दोषियों पर जल्द से जल्द पुलिस कार्रवाई की मांग की है।



 

Leave a Comment