अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी अनिवार्य होगा हेलमेट

मंडला पुलिस की मासिक अपराध समीक्षा बैठक संपन्न

लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और सुरक्षा व्यवस्था पर एसपी के कड़े निर्देश

  • अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी अनिवार्य होगा हेलमेट
  • माइक्रोबीट अधिकारियों को मिला लक्ष्य
  • पेट्रोल पंपों पर लगेंगे CCTV कैमरे

अपराध नियंत्रण और सामुदायिक पुलिसिंग पर पुलिस अधीक्षक का जोर; थाना प्रभारियों को दिए विशेष दिशा-निर्देश

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला श्री रजत सकलेचा के निर्देशन में आज पुलिस कंट्रोल रूम मण्डला में मासिक अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में लंबित अपराधों का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।

लंबित प्रकरणों और महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को लंबित प्रकरणों के शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निराकरण हेतु निर्देशित किया। उन्होंने विशेष रूप से महिला एवं बाल अपराधों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतने और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने पर बल दिया। समीक्षा के साथ-साथ उपस्थित स्टाफ को विभिन्न तकनीकी विषयों पर आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।

सुरक्षा और जागरूकता के लिए विशेष निर्देश

अपराध नियंत्रण की दिशा में पुलिस अधीक्षक ने कुछ महत्वपूर्ण कड़े निर्देश जारी किए हैं:

  • CCTV निगरानी: सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र के पेट्रोल पंपों और राशन की दुकानों से समन्वय कर CCTV कैमरे लगवाने के निर्देश दिए गए।
  • ग्रामीण क्षेत्रों में हेलमेट: माइक्रोबीट अधिकारियों को विशेष लक्ष्य दिया गया है कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में हेलमेट अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए सतत जागरूकता अभियान और कार्यवाही करें।
  • सामुदायिक पुलिसिंग: ग्रामीण अंचलों में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने, नियमित गश्त बढ़ाने और निगरानी बदमाशों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य परीक्षण और उपस्थिति

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शिव कुमार वर्मा, एसडीओपी मण्डला व निवास, डीएसपी (महिला सुरक्षा) सहित सभी थाना-चौकी प्रभारी और रेडियो प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक की एक विशेष बात यह रही कि इसमें शामिल हुए सभी अधिकारी-कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।



Leave a Comment