जल जीवन मिशन के बाद भी प्यासा है ग्राम चकदेही

जल जीवन मिशन के बाद भी प्यासा है ग्राम चकदेही

  • दो हजार की आबादी वाले गांव में केवल 150 घरों तक पहुँच रहा पानी
  • नर्मदा जल की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर से लगाई गुहार

मंडला महावीर न्यूज 29. शासन की नल-जल योजना और जल जीवन मिशन जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं के बावजूद मंडला जिले के ग्राम चकदेही में पेयजल की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। गांव की एक बड़ी आबादी आज भी बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही है, जिसे लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने जनसुनवाई के माध्यम से जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है।ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत चकदेही की कुल जनसंख्या लगभग दो हजार से अधिक है। आश्चर्य की बात यह है कि जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन और व्यवस्थाओं का लाभ मात्र 150 घरों के लोगों को ही मिल पा रहा है। शेष बड़ी आबादी को पानी की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे दैनिक कार्यों के लिए ग्रामीणों को भारी मशक्कत करनी पड़ रही है।

नर्मदा नदी से आपूर्ति की मांग 

क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और जल स्तर को देखते हुए ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि गांव में नर्मदा नदी से सीधे पानी सप्लाई करने की कार्ययोजना बनाई जाए। ग्रामीणों का तर्क है कि नर्मदा जल की आपूर्ति ही इस विकराल समस्या का स्थायी समाधान हो सकती है। इस संबंध में ग्राम सभा से प्रस्ताव भी पारित किया जा चुका है, जिसमें पूरी ग्राम पंचायत की सहमति शामिल है।

प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की उम्मीद 

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही पानी की आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने को मजबूर होंगे। फिलहाल ग्रामीणों द्वारा जिला प्रशासन को सौंपे गए इस ज्ञापन के बाद अब ग्रामीणों की नजरें जिला प्रशासन की त्वरित कार्यवाही पर टिकी हैं।



 

Leave a Comment