फुटबॉल के मैदान में मंडला का दबदबा
खेलो एमपी यूथ गेम्स में जबलपुर संभाग की जीत में चमकीं मंडला की 11 बेटियां
- कलेक्टर और एसपी ने खिलाडिय़ों को सराहा
- बालिका फुटबॉल में जबलपुर संभाग बना चैंपियन
- मंडला के 15 खिलाडिय़ों ने बढ़ाया गौरव
मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश के प्रतिष्ठित खेलो एमपी यूथ गेम्स में मंडला जिले के खिलाडिय़ों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। बालिका वर्ग के फुटबॉल फाइनल में जबलपुर संभाग की टीम ने भोपाल संभाग को 7-0 के भारी अंतर से शिकस्त देकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इस विजेता टीम की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इसमें मंडला जिले की 11 प्रतिभावान बेटियों ने मैदान पर अपना कौशल दिखाया।
चैंपियन बनी जबलपुर संभाग की टीम में मंडला से रेशू मरावी, नंदनी मरावी, पूजा वाटे, अनुरागनी चक्रवर्ती, मनीषा धुर्वे, ललिता मरावी, सोमनी धुर्वे, अम्बिका धुर्वे, शांति धुर्वे, तेजस्विनी मरावी एवं ब्रजकुमारी मरावी शामिल रहीं। इन खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट तालमेल और आक्रामक खेल की बदौलत टीम ने एकतरफा जीत दर्ज की। वहीं बालक वर्ग में भी जबलपुर संभाग की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त कर पदक जीता। इस टीम में मंडला के 4 जांबाज खिलाड़ी यावेश संत, अजीत कोर्चे, असीम धुर्वे एवं शिवम धुर्वे शामिल थे।
अधिकारियों ने दी बधाई
खिलाडिय़ों की इस बड़ी उपलब्धि पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाडिय़ों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों की लगन और कठिन परिश्रम ने मंडला को खेल जगत में नई पहचान दी है।
मृदा फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना
जिला खेल अधिकारी विकास खऱाडकर ने खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए मृदा फाउंडेशन के कार्यों की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा जमीनी स्तर पर खिलाडिय़ों को दिया जा रहा प्रशिक्षण और फुटबॉल का प्रचार-प्रसार ही इस सफलता का आधार है। उन्होंने विश्वास जताया कि मंडला के ये खिलाड़ी जल्द ही राष्ट्रीय स्तर पर तिरंगा लहराएंगे।










