कैबिनेट मंत्री ने किया ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के वार्षिक कैलेंडर का विमोचन
- एसोसिएशन ने जारी किया 12 पृष्ठीय रंगीन कैलेंडर
- समाज और शिक्षक कल्याण की गतिविधियों से सुसज्जित है कैलेंडर
मंडला महावीर न्यूज 29. ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन द्वारा अपनी परंपरा को जारी रखते हुए इस वर्ष भी 12 पृष्ठीय भव्य रंगीन वार्षिक कैलेंडर का प्रकाशन किया गया है। इस कैलेंडर का विमोचन लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके के द्वारा मंडला में समारोह के बीच संपन्न हुआ। बताया गया कि एसोसिएशन पिछले 6 वर्षों से इस कैलेंडर का प्रकाशन कर रहा है।
12 पृष्ठों वाले इस रंगीन कैलेंडर में एसोसिएशन द्वारा शिक्षकों, विद्यार्थियों के हित में किए गए कार्यों और समाज कल्याण से जुड़ी गतिविधियों का सचित्र उल्लेख किया गया है। यह कैलेंडर केवल तिथियों का विवरण ही नहीं, बल्कि एसोसिएशन के संघर्षों और उपलब्धियों का दस्तावेज भी है। पूर्व में पुरानी पेंशन की मांग के दौरान इस कैलेंडर ने विशेष भूमिका निभाई थी, जिसे विधानसभा की कार्यवाही के दौरान भी रेखांकित किया जा चुका है।
विमोचन कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगर अध्यक्ष राणू राजपूत, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष ललित लोधी, प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा शशि पटेल, प्रदेश महामंत्री सचिन शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पार्षद मौजूद रहे।
इस अवसर पर ट्राइबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डीके सिंगौर, जिला अध्यक्ष दिलीप मरावी, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष सरिता सिंह, अजय मरावी, लोक सिंह पदम, सुनील नामदेव, नरेश सैयाम, अंग्रेज सिंह उइके, संजीव दुबे, अनिल सिंगौर, अशोक अर्सिया, बिंदु मरावी और सारिका पटेल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। एसोसिएशन ने बताया कि इस कैलेंडर का वितरण जिले के सभी विद्यालयों और कार्यालयों में किया जाएगा।









