खेलो एमपी यूथ गेम्स
मंडला के खिलाडिय़ों ने ग्वालियर में गाड़ा झंडा, पिट्टू में बालक-बालिका दोनों टीमों ने जीते सिल्वर मेडल
- मंडला के पिट्टू खिलाडिय़ों का राज्य स्तर पर दबदबा
- इंदौर से हुआ कड़ा मुकाबला, उपविजेता बनकर बढ़ाया जिले का मान
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्वालियर में आयोजित खेलो एमपी यूथ गेम्स के अंतर्गत राज्य स्तरीय पिट्टू क्रीड़ा प्रतियोगिता में मंडला जिले के खिलाडिय़ों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनाया है। कड़े मुकाबलों के बीच मंडला की बालक और बालिका दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल पर कब्जा किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जबलपुर संभाग जिसका प्रतिनिधित्व मंडला के खिलाड़ी कर रहे थे और इंदौर संभाग के बीच खेला गया। दोनों ही वर्गों में मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। अंतत: मंडला की टीमें उपविजेता रहीं और रजत पदक अपने नाम किया।
राज्य स्तरीय पिट्टू क्रीड़ा प्रतियोगिता में मेडल जीतने वाले होनहार खिलाडिय़ों में शास. उच्च. माध्य. विद्यालय सालीवाड़ा से अभिषेक भंवरे, रवि प्रकाश, अनिल भंवरे, सुजल धुर्वे, रवीना उलाड़ी, संध्या यादव, आस्था परते, खुशबू मर्सकोले रही। शासकीय सर्वोदय उमावि ककैया से सृष्टि झारिया, श्रेया झारिया, रेवती नंदा, मनीष कुमरे, मनोज भंवरे रहे। शासकीय उमावि घुटास से नरेन्द्र परते ने मेडल जीता।
सफलता का गौरवशाली इतिहास
मंडला की पिट्टू टीम पिछले पांच वर्षों से लगातार जिले को गौरवान्वित कर रही है। इससे पूर्व इस टीम ने भारत का नेतृत्व करते हुए साउथ एशियन पिट्टू प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता था। इसके साथ ही पिछले चार वर्षों से यह टीम राष्ट्रीय स्तर पर भी लगातार गोल्ड मेडल जीतती आ रही है।
उपलब्धि से जिले में हर्ष
खिलाडिय़ों की इस सफलता पर मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा, जिला खेल अधिकारी विकास खराडकर, सहायक आयुक्त वंदना गुप्ता, खेल अधिकारी मंगल सिंह पंद्रे और कोच डी.एस. ठाकुर व अवध कुमार पटेल ने खुशी जाहिर की है। सालीवाड़ा प्राचार्या कौशल्या नेटी, ककैया प्राचार्य जयनारायण मिश्रा सहित खेल प्रशिक्षकों, पीटीआई शिक्षकों और खेल प्रेमियों ने सभी विजेता छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। इस उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।









