उचित मूल्य दुकान से चोरो ने 32 क्विंटल से अधिक खाद्यान्न उड़ाया

उचित मूल्य दुकान से चोरो ने 32 क्विंटल से अधिक खाद्यान्न उड़ाया

  • अमदरा में राशन दुकान के ताले टूटे
  • फरवरी माह का गेहूं, चावल और शक्कर चोरी

मंडला महावीर न्यूज 29. थाना टिकरिया अंतर्गत ग्राम अमदरा में बीती रात चोरों ने एक शासकीय उचित मूल्य की दुकान को अपना निशाना बनाया। चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर भारी मात्रा में खाद्यान्न पार कर दिया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। घटना की जानकारी शनिवार सुबह तब लगी जब सरपंच के माध्यम से चोरी की सूचना प्राप्त हुई।उचित मूल्य दुकान विक्रेता मनोज सोनी ने राशन की चोरी की रिपोर्ट टिकरिया पुलिस थाने में की है। आवेदन में बताया गया कि ग्राम अमदरा एवं कुई वन समिति की सम्मिलित उचित मूल्य दुकान में 30 और 31 जनवरी की दरमियानी रात्रि को अज्ञात चोरों ने सेंधमारी की। दुकान में हाल ही में फरवरी माह के लिए आवंटित खाद्यान्न का स्टॉक आया था। जिस पर अज्ञात चोरों ने हाथ साफ कर दिया है।

मौके पर बना पंचनामा, 112 को दी सूचना 

उचित मूल्य दुकान में हुई चोरी के बाद बनाए गए पंचनाम में बताया गया कि चोरी हुए खाद्यान्न में गेहूं लगभग 16 क्विंटल, चावल करीब 15 क्विंटल और शक्कर 1.18 क्विंटल को चोर ले गए है। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने 112 डायल पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर सरपंच अमर लाल, कोटवार विनोद और अन्य पंचों व ग्रामीणों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया गया। ग्रामीणों ने बताया कि चोरी गया अनाज गरीबों के हक का था, जिसे अज्ञात चोरों ने चुरा लिया है।

पुलिस की जांच शुरू 

दुकान विक्रेता मनोज सोनी ने थाना प्रभारी टिकरिया को लिखित शिकायत सौंपकर उचित कार्यवाही की मांग की है। पुलिस ने आवेदन लेकर इस मामले की जांच शुरू कर दी है।



 

Leave a Comment