कूम्हा घाट, चकदेही घाट और दुर्वासा आश्रम में गूंजे मां नर्मदा के जयकारे

कूम्हा घाट, चकदेही घाट और दुर्वासा आश्रम में गूंजे मां नर्मदा के जयकारे

आस्था की अविरल धारा

  • चकदेही घाट और दुर्वासा आश्रम में गूंजे मां नर्मदा के जयकारे
  • नर्मदा जन्मोत्सव में चढ़ाई 51 फीट की चुनरी
  • भजन-कीर्तन और महाआरती से भक्तिमय हुआ चकदेही तट, कन्या भोज और भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

मंडला महावीर न्यूज 29. नर्मदे हर के पावन जयघोष के साथ समूचा जिला नर्मदा मय हो गया। इसी क्रम में मां नर्मदा के पावन तट चकदेही घाट एवं दुपट्टा स्थित दुर्वासा आश्रम में नर्मदा जयंती का पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला में जहाँ एक ओर भजन-कीर्तन की गूंज रही, वहीं दूसरी ओर चुनरी अर्पण और महाप्रसाद का वितरण किया गया।कार्यक्रम के दौरान दुर्गेश सोनी एवं सहयोगियों द्वारा मां नर्मदा के चकदेही तट पर पहुंचकर विशेष पूजन-अर्चन किया गया। भक्तों ने मां नर्मदा को चुनरी भेंट कर क्षेत्र की खुशहाली की मंगल कामना की। इस दौरान तट पर हवन-पूजन का आयोजन भी हुआ, जिसमें आहुतियां डालकर मां रेवा का आशीर्वाद लिया गया।

भजन मंडली और महाआरती का आकर्षण 

चकदेही और दुर्वासा आश्रम के मंदिरों में स्थानीय महिला मंडलियों द्वारा मां नर्मदा के भक्तिपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी गई। शाम को नर्मदा तट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा, जहाँ आयोजित महाआरती में सैकड़ों धर्मप्रेमियों ने हिस्सा लिया। आरती के समय का दृश्य अत्यंत मनमोहक और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर रहा।

कन्या भोज और विशाल भंडारा 

जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल भंडारे और कन्या भोज का आयोजन किया गया। समस्त क्षेत्रवासियों और धर्मप्रेमी जनता ने इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया। दुर्गेश सोनी ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भक्तों के सहयोग से मां नर्मदा की सेवा का यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है। देर रात तक घाटों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और वातावरण पूरी तरह भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।


आस्था की डगर

  • शिव शक्ति नर्मदा सेवा समिति ने निकाली भव्य चुनरी यात्रा, कुम्हा घाट पर हुआ समापन
  • नारायणगंज के कुम्हा घाट पर उमड़ा जनसैलाब, विशाल भंडारे के साथ चुनरी यात्रा की हुई पूर्णाहूति

मंडला महावीर न्यूज 29. नर्मदा जयंती के पावन पर्व पर समूचा अंचल नर्मदे हर के जयघोष से गुंजायमान रहा। इसी कड़ी में शिव शक्ति नर्मदा सेवा समिति, टिकरिया के तत्वावधान में एक भव्य चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से होते हुए नर्मदा तट कुम्हा घाट पहुँची, जहाँ मां नर्मदा को लंबी चुनरी अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की गई।नर्मदा घाट सेवा समिति, कूम्हा घाट नारायणगंज के सहयोग से आयोजित इस समापन समारोह में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। चुनरी यात्रा के दौरान भक्त ढोल-धमाकों और भजनों की धुन पर थिरकते नजर आए। घाट पर पहुँचने के बाद मां नर्मदा का विशेष पूजन-अभिषेक किया गया और विधि-विधान से चुनरी भेंट की गई। इसके साथ ही शिवनंदन सेवा समिति नारायणगंज द्वारा माँ नर्मदा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। प्रतिमा का विसर्जन कूम्हा में मूर्ति विसाजन किया गया।

विशाल भंडारे का आयोजन 

यात्रा के समापन अवसर पर कूम्हा घाट में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। समिति के सदस्यों द्वारा श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया गया, जो देर शाम तक चलता रहा। सेवा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जन-जन में भक्ति भाव का संचार करना और मां नर्मदा के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है। इस दौरान सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस और समिति के स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। भक्तों के उत्साह और श्रद्धा ने कुम्हा घाट के वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया।



 

Leave a Comment