आस्था का संगम
- मां नर्मदा का जन्मोत्सव पर 30वें महापर्व पर उमड़ेगा भक्तों का सैलाब
- हिरदेनगर सिद्धपीठ में अखंड रामधुन और विशाल भंडारे के साथ होगा चार दिवसीय उत्सव का समापन
मंडला महावीर न्यूज 29. भारत की सात पवित्र नदियों में से एक जीवनदायिनी मां नर्मदा का जन्मोत्सव आज पूरे मंडला जिले में बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। बताया गया कि माघ माह की शुक्ल पक्ष की सप्तमी को मां नर्मदा का अवतरण हुआ था। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव ने देवताओं के पापों के निवारण हेतु नर्मदा को उत्पन्न किया था, यही कारण है कि आज के दिन नर्मदा स्नान का विशेष महत्व माना जाता है।
जानकारी अनुसार जिले भर के नर्मदा घाटों पर सुरक्षा और सुविधा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालु सुगमता से पूजन-अर्चन कर सकें। शाम को घाटों पर होने वाली महाआरती आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी, जहां हजारों दीपों से मां नर्मदा का तट जगमगा उठेगा। नर्मदा जयंती के अवसर पर जिले के सभी नर्मदा घाटो में माँ नर्मदा को चुनरी अर्पित की जाती हैं। बड़ी संख्या में नर्मदा भक्त जयंती पर्व पर नर्मदा घाट पहुंच कर पूजन, अर्चन, चुनरी भेंट करेंगे।
हिरदेनगर सिद्धपीठ में विशेष आयोजन
जिला मुख्यालय से 5 किमी दूर ग्राम हिरदेनगर स्थित ऊँ श्रीं माँ रूकमणि देवी सदाव्रत आश्रम सिद्धपीठ दरबार में 30 वां मां नर्मदा जन्मोत्सव महापर्व पूरी भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। 22 जनवरी से शुरू हुए इस चार दिवसीय महोत्सव का आज रविवार 25 जनवरी को समापन होगा। आचार्य संतोष महाराज ने बताया कि महोत्सव के दौरान अब तक जप यज्ञ और सुहागले पूजन जैसे अनुष्ठान संपन्न हो चुके हैं। आज जन्मोत्सव के मुख्य दिन सुबह से ही मां नर्मदा का अभिषेक, पूजन और हवन किया जा रहा है।
आज होंगे विविध धार्मिक कार्यक्रम
नर्मदा जयंती के अवसर पर जिले के सभी प्रमुख घाटों पर भक्तों द्वारा मां नर्मदा को चुनरी अर्पित की जाएगी। हिरदेनगर दरबार में आज रविवार को विविध धार्मिक आयोजन किये जाएंगे। दोपहर 2 बजे बच्चों का मुंडन संस्कार। दोपहर 2 से रात्रि 9 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। शाम 04.30 से रात्रि 09.30 बजे तक किन्नर चांदनी दीदी द्वारा भजनों की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही कन्या भोज, मातृ-पितृ पूजन और गुरु अभिषेक किया जाएगा।
अंखड रामधुन का समापन आज
आचार्य संतोष महाराज ने बताया कि नर्मदा जन्मोत्सव के अवसर पर दरबार में सुहागले पूजन, जप यज्ञ, किया गया। किन्नर चांदनी दीदी द्वारा भक्तों को रूद्राक्ष भी वितरित किये गए है। इसके साथ ही अखंड रामधुन संर्कीतन किया जा रहा है। जिसका समापन आज नर्मदा जयंती के अवसर 12 बजे किया जाएगा। संगीतमय अंखड रामधुन में बड़ी संख्या में श्रृद्धालु शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे है।










