बसंत पंचमी पर मॉडल स्कूल कटरा में गूंजे वेदमंत्र
- ऊँ मॉडल स्कूल कटरा में बसंत पंचमी पर वैदिक विधि से हुआ सरस्वती पूजन
मंडला महावीर न्यूज 29. श्री राधे शिक्षा समिति द्वारा संचालित ओम मॉडल स्कूल कटरा में बसंत पंचमी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर वैदिक गुरुकुल गुरु आश्रम गाजीपुर के आचार्य भीमदेव आर्य के सान्निध्य में ज्ञान की देवी मां सरस्वती का दीप प्रज्वलन कर सरस्वती वंदना के साथ विधिवत हवन-पूजन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में राधे शिक्षा समिति के पदाधिकारी द्वारका प्रसाद साहू, अध्यक्ष, विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम यादव सहित समस्त शाला परिवार, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धा एवं अनुशासन के साथ पूजन कार्यक्रम में सहभागिता की।
इस अवसर पर समिति द्वारा वैदिक गुरुकुल गौशाला आश्रम के लिए अन्नदान एवं सहयोग राशि समस्त शाला परिवार की ओर से प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान महाराज जी ने विद्यार्थियों को चारों वेदों की संक्षिप्त जानकारी दी तथा जीवन में सदाचार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने नशा एवं बुरी आदतों से दूर रहकर स्वस्थ एवं सफल जीवन जीने का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण एवं भंडारा का आयोजन किया गया, जिसके बाद कार्यक्रम का समापन किया गया। आयोजन ने विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं शिक्षा के महत्व को सुदृढ़ करने का कार्य किया।









