मैली चौराहे पर हेलमेट न पहनने वालों पर चालान

मैली चौराहे पर हेलमेट न पहनने वालों पर चालानी कार्रवाई, नशे के खिलाफ छेड़ी मुहिम

  • सड़क सुरक्षा और जागरूकता के साथ छात्रों को दी साइबर अपराध से बचने की सीख

मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस अधीक्षक मंडला के निर्देशानुसार थाना टिकरिया पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और जन-जागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी गोपाल भोंसले के नेतृत्व में नारायणगंज के मैली चौराहे पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।नारायणगंज पुलिस टीम ने मैली चौराहे पर बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 15 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। इस दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले दो नाबालिग वाहन चालकों के भी 1000-1000 रुपये के चालान काटे गए। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि नाबालिगों को वाहन थमाना न केवल गैरकानूनी है, बल्कि जानलेवा भी हो सकता है।

नशे से दूरी है जरूरी अभियान का किया प्रचार प्रसार 

कार्रवाई के साथ-साथ टिकरिया पुलिस ने नशे से है दूरी, जरूरी अभियान के तहत व्यापक प्रचार-प्रसार किया। टीआई गोपाल भोंसले एवं उनकी टीम ने जगह-जगह बैनर-पोस्टर लगाकर नागरिकों को जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने चौराहे पर एकत्रित नवयुवकों और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों, विशेषकर कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों के प्रति आगाह किया।

छात्रों को साइबर अपराध की दी जानकारी 

पुलिस टीम ने स्कूलों में पहुँचकर छात्रों को साइबर अपराधों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। छात्रों को बताया गया कि कैसे वे इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करें और साइबर ठगी का शिकार होने से बचें। साथ ही, युवा वर्ग को नशे की लत से दूर रहकर स्वस्थ जीवन जीने की सलाह दी गई। इस अभियान के दौरान टिकरिया पुलिस बल के सदस्य मौजूद रहे, जिन्होंने हर चौराहे पर पहुँचकर आम जनता को सुरक्षित यातायात और नशा मुक्त समाज का संकल्प दिलाया।



 

Leave a Comment