नारायणगंज में ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान का आगाज
- 26 जनवरी तक चलेगा ग्राम विकास पखवाड़ा
- सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के लिए ग्रामोंत्सव शुरू
मंडला महावीर न्यूज 29. मप्र जन अभियान परिषद विकासखंड नारायणगंज के तत्वावधान में ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आरंभ मुख्य अतिथि जनपद उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा द्वारा स्वामी विवेकानंद एवं भारत माता के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। बताया गया कि शासन के निर्देशानुसार 12 से 26 जनवरी तक संचालित होने वाले इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश सरकार की लोकहितकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुँचाना और पात्र हितग्राहियों की सहभागिता सुनिश्चित करना है। इस अभियान के माध्यम से आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए एक सकारात्मक वातावरण तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
जिला समन्वयक राजेंद्र चौधरी के मार्गदर्शन में जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामोंत्सव मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में ग्राम विकास के विभिन्न पहलु जिसमें ग्राम चौपाल एवं ग्राम रैली का आयोजन, सामूहिक श्रमदान और पर्यावरण संरक्षण, परिवार संपर्क एवं सामाजिक समरसता का आयोजन इन गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को विकास कार्यों से जोड़ा जाएगा।
नशा मुक्ति की दिलाई शपथ किया सम्मान
विकासखंड समन्वयक संतोष झरिया ने इस अवसर पर नशा मुक्ति अभियान और विकासखंड में संचालित अन्य कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। साथ ही समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों, समितियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम को सफल बनाने में परामर्शदाता राकेश अग्रवाल, वीरेंद्र अग्रवाल, सुरेश सोनी, इंद्रा उइके, सुमित हथाले सहित नवांकुर संस्था के कमलेश पावले, अमरनाथ मरकाम और कृष्ण कुमार झरिया का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।









