रफ्तार का कहर, ऑटो पलटने से मची चीख-पुकार

अज्ञात वाहन की टक्कर से सवारी ऑटो पलटा, एक की मौत, 6 घायल

  • साप्ताहिक बाजार आ रहे ग्रामीणों के साथ दर्दनाक हादसा
  • टक्कर मार अज्ञात वाहन फरार, एक गंभीर घायल जबलपुर रेफर
  • निवास के साहू मोहल्ला में रफ्तार का कहर, ऑटो पलटने से मची चीख-पुकार

मंडला महावीर न्यूज 29. निवास थाना क्षेत्र के अंतर्गत निवास-बरेला मार्ग पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। निवास के साहू मोहल्ला के पास सवारियों से भरे एक ऑटो को पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम हाथीतारा से सवारियां लेकर एक ऑटो निवास के साप्ताहिक बाजार की ओर आ रहा था। जैसे ही ऑटो साहू मोहल्ला के पास पहुँचा, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। घटना के बाद चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुँचाया गया।

बताया गया कि इस सड़क हादसे में भागीरथ पिता दशरथ 62 वर्ष, निवासी ग्राम हाथीतारा रैयत की घटना स्थल पर ही दुखद मृत्यु हो गई। हादसे में करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए और एक गंभीर घायल हो गया। गंभीर घायल में धर्मेंद्र पिता सुखलाल 35 वर्ष, निवासी देवगांव की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे में अन्य घायलों में रोहणी बाई 35 वर्ष, नान बाई 45 वर्ष, नेकी बाई 50 वर्ष और नन्हे लाल 46 वर्ष का इलाज निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।

पुलिस कर रही जांच 

घटना की सूचना मिलते ही निवास पुलिस मौके पर पहुँची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


रिपोर्टर- रोहित प्रशांत चौकसे



 

Leave a Comment