आयुषी ज्वेलर्स डकैती कांड: पुलिस ने 10वें आरोपी को दबोचा
रायसेन से जुड़े साजिश के तार
- लूट से पहले आरोपियों ने धर्मशाला में रुककर की थी रेकी
- मोबाइल और नकद बरामद
मंडला महावीर न्यूज 29. शहर के चर्चित आयुषी ज्वेलर्स डकैती एवं हत्या के प्रयास के मामले में मंडला कोतवाली पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्रकरण के 10वें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने डकैती की साजिश रचने और रेकी करने में मुख्य भूमिका निभाई थी। पकड़े गए आरोपी के तार रायसेन जिले से जुड़े हुए हैं।
साजिश का खुलासा: सर्विसिंग कराने आया और बना ली लूट की योजना
पकड़े गए आरोपी विष्णु नाथ उर्फ शिंदे (निवासी ग्राम सालेगढ़, रायसेन) ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी ने बताया कि वर्ष 2024 में वह ट्रैक्टर सर्विसिंग कराने मंडला आया था, जहाँ उसकी मुलाकात रोहित भारतिया से हुई। अक्टूबर 2025 में बस स्टैंड पर दोबारा मिलने के दौरान रोहित ने उसे आयुषी ज्वेलर्स में भारी मात्रा में सोना-चांदी होने की जानकारी दी और लूट का लालच दिया।
धर्मशाला में रुककर की थी रेकी
योजना को अंजाम देने के लिए विष्णु नाथ ने अपने साथी पंकज गौर के साथ मिलकर जाल बिछाया। 7 नवंबर 2025 को ये लोग मंडला आए, जहाँ स्थानीय मददगारों के साथ मिलकर दुकान और मकान की रेकी की गई। साजिशकर्ताओं को नर्मदा किनारे स्थित एक धर्मशाला में ठहराया गया था। रेकी पूरी करने के बाद सभी वापस लौट गए और बाद में अन्य आरोपियों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
कोतवाली पुलिस ने आरोपी विष्णु नाथ को 14 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और लूट की रकम में से शेष बचे ₹1,500/- नकद बरामद किए गए हैं। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
अब तक की स्थिति
20 नवंबर 2025 को हुई इस सनसनीखेज डकैती और फायरिंग मामले में पुलिस अब तक कुल 10 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत विवेचना अब भी जारी है और कुछ अन्य कड़ियों को जोड़ा जा रहा है।










