जब हाथी ने सिखाया सुरक्षा का पाठ, नारियल और हेलमेट से दिया जीवन रक्षा का संदेश

यातायात पुलिस की अनोखी पहल

जब हाथी ने सिखाया सुरक्षा का पाठ, नारियल और हेलमेट से दिया जीवन रक्षा का संदेश

  • हाथी ने बताया क्यों जरूरी है हेलमेट
  • सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पुलिस का नायाब तरीका

मंडला महावीर न्यूज 29. सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के लिए मंडला पुलिस ने एक ऐसा अनूठा प्रयोग किया है, जिसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है। हेलमेट की अनिवार्यता समझाने के लिए पुलिस ने इस बार किसी भाषण का नहीं, बल्कि एक हाथी के पराक्रम और सूझबूझ का सहारा लिया।
जागरूकता अभियान के दौरान राह चलते एक हाथी के माध्यम से राहगीरों, बाईक चालकों, वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए एक अनूठे तरीके से संदेश देते हुए लोगों को बताया कि मानव मस्तिष्क कितना संवेदनशील है। हाथी के माध्यम से प्रदर्शन कराते हुए दो स्थितियों को बेहतर ढंग से समझाया गया।बताया गया कि मंडला यातायात पुलिस द्वारा अपनाए गए नारियल और हैलमेट के इस नायाब तरीके से लोग काफी प्रभावित हुए। हाथी के प्रर्दशन के दौरान बताया गया कि हाथी ने जैसे ही पैर रखा, वैसे ही जमीन पर रखा नारियल पल भर में चकनाचूर हो गया। यह इस बात का प्रतीक था कि बिना हेलमेट के दुर्घटना होने पर सिर को गंभीर क्षति पहुँच सकती है। इसके बाद एक दूसरे नारियल के ऊपर हेलमेट रखा गया। हाथी ने जब दोबारा उसे तोडऩे की कोशिश की, तो हेलमेट की मजबूती के कारण नारियल पूरी तरह सुरक्षित रहा।

पुलिस की रचनात्मकता की सराहना 

मंडला पुलिस द्वारा अपनाए गए इस लाइव डेमो ने राहगीरों को सोचने पर मजबूर कर दिया। उपस्थित लोगों ने देखा कि कैसे एक मजबूत सुरक्षा कवच हेलमेट बड़े से बड़े दबाव को झेलकर अंदर की वस्तु को सुरक्षित रख सकता है। जिस प्रकार हाथी के भारी पैर से नारियल को हेलमेट ने बचा लिया, ठीक उसी प्रकार सड़क दुर्घटना के समय हेलमेट इंसान के सिर की रक्षा करता है।

जनता के बीच चर्चा का विषय 

पुलिस विभाग के इस नवाचार की नगरवासियों और सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि कागजी निर्देशों और चालान की कार्रवाई से कहीं ज्यादा प्रभावी इस तरह के जमीनी और व्यावहारिक प्रदर्शन होते हैं, जो सीधे आम जन के दिल और दिमाग पर असर करते हैं।


 

Leave a Comment