दुर्गा मंदिर के पास सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा, कलेक्टर से की शिकायत
- लालीपुर में सरकारी हैंडपंप उखाड़कर बनाया अवैध होटल
मंडला महावीर न्यूज 29. जिला मुख्यालय के लालीपुर क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध दुर्गा मंदिर परिसर के पास सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का एक मामला सामने आया है। स्थानीय नागरिक विक्रम सिंह ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को एक शिकायती आवेदन सौंपकर मामले की उच्च स्तरीय जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि लालीपुर निवासी रोहित पटेल पर आरोप है कि उसने दुर्गा मंदिर के समीप स्थित सरकारी भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण किया है। बताया गया है कि उक्त भूमि पर पहले एक सरकारी हैंडपंप स्थापित था, जिसका उपयोग मंदिर आने वाले श्रद्धालु और स्थानीय राहगीर करते थे। आरोपी ने उस हैंडपंप को उखाड़कर हटा दिया और अब उसी जगह पर अवैध रूप से होटल का संचालन किया जा रहा है।
बिना अनुमति करा दिया दो मंजिला निर्माण
शिकायतकर्ता ने आवेदन में उल्लेख किया है कि आरोपी ने नजूल एवं जिला उद्योग विभाग की भूमि पर बिना किसी अनुमति के दो मंजिला पक्का निर्माण कर लिया है। इसके साथ ही आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड होने और उसके पूर्व में जबलपुर जेल से जमानत पर रिहा होने की बात भी सामने आई है।
असामाजिक तत्वों का रहता है जमावड़ा
शिकायत में बताया गया कि इस अवैध होटल में अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इसके कारण मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है और क्षेत्र का सामाजिक वातावरण भी दूषित हो रहा है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि प्रशासन निष्पक्ष जांच कर अवैध कब्जा हटाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।










