पिपरिया मड़ई में उमड़ा जनसैलाब, अहीरी नृत्य रहा आकर्षण का केंद

पिपरिया मड़ई में उमड़ा जनसैलाब, अहीरी नृत्य रहा आकर्षण का केंद

  • अहीरों के नृत्य और मांदर की थाप पर थिरका निवास अंचल
  • देशी अंदाज में नजर आए सांसद फग्गन सिंह, चखा गुड़ की जलेबी और सिंघाड़े का स्वाद

मंडला महावीर न्यूज 29. मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक मड़ई मेला निवास तहसील के ग्राम पिपरिया में शनिवार से पूरे उत्साह के साथ शुरू हो गया। तीन दिवसीय इस ऐतिहासिक मड़ई के पहले दिन चंडी पूजन के साथ ही जनसैलाब उमड़ पड़ा। सैकड़ों गांवों के ग्रामीण और अहीरों की दर्जनों टोलियों ने पारंपरिक वेशभूषा में शिरकत कर मेले की रौनक बढ़ा दी।

जानकारी अनुसार मड़ई का मुख्य आकर्षण अहीरों की टोलियां रहीं। मांदर और बैंड की थाप पर रंग-बिरंगी वेशभूषा, सिर पर विशेष पगड़ी, धोती और कौडिय़ों से सजे बाने पहनकर अहीरों ने जमकर नृत्य किया। टोलियों ने घर-घर और दुकान-दुकान जाकर लोगों को मड़ई की बधाई दी और आशीष प्रदान किया। मेले में झूलों और मनोरंजन के साधनों का बच्चों और युवाओं ने भरपूर लुत्फ उठाया।

आम नागरिक के अंदाज में दिखे मंडला सांसद 

मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते भी इस पारंपरिक मेले का आनंद लेने पिपरिया पहुंचे। इस दौरान उनका एक बेहद साधारण और जमीनी अंदाज देखने को मिला। सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने किसी विशेष प्रोटोकॉल के बिना, एक साधारण मेज पर बैठकर क्षेत्र की प्रसिद्ध गुड़ की जलेबी, सिंघाड़े और आलू बंडा जैसे स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखा। उन्होंने पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा कि पिपरिया की मड़ई से हमारा पुराना नाता है। यहाँ के व्यंजनों का स्वाद अद्वितीय है। मैं सभी क्षेत्रवासियों से अपील करता हूँ कि अपनी संस्कृति से जुडऩे के लिए सपरिवार यहाँ आएँ। उन्होंने इस अवसर पर सभी को नूतन वर्ष की बधाई भी दी।

मौसम की लुका-छिपी के बीच लाखों का कारोबार 

शनिवार सुबह मौसम खराब होने के कारण व्यापारियों में कुछ चिंता देखी गई, लेकिन दोपहर को चंडी पूजन के समय जैसे ही धूप खिली, मड़ई अपने पूरे शबाब पर आ गई। लाखों रुपये के आय-व्यय वाले इस मेले में सड़कों और मैदान पर तिल रखने की जगह नहीं बची। व्यापारियों के चेहरे भी ग्राहकों की भीड़ देखकर खिल उठे।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम 

मेले की भव्यता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा ताकि व्यवस्था बनी रहे। आयोजन समिति ने बताया कि मड़ई का यह उल्लास रविवार को भी जारी रहेगा।



 

Leave a Comment