घरों में तोड़फोड़ करने वाले बदमाशों का निकाला जुलूस

नैनपुर पुलिस का कड़ा प्रहार: घरों में तोड़फोड़ करने वाले बदमाशों का निकाला जुलूस

शांति भंग करने वालों को थाना प्रभारी की चेतावनी, नागपुर से गिरफ्तार हुआ एक आरोपी

मंडला महावीर न्यूज 29.  नव वर्ष के आगमन पर शांति नगर वार्ड नंबर 10 में पुरानी रंजिश के चलते घरों में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों को नैनपुर पुलिस ने कड़ा सबक सिखाया है। पुलिस ने न केवल आरोपियों को गिरफ्तार किया, बल्कि जनता के मन से खौफ निकालने के लिए उस मोहल्ले में उनका जुलूस भी निकाला जहाँ उन्होंने उत्पात मचाया था।

क्या था पूरा मामला?

31 दिसंबर की देर रात आरोपी राहुल वंशकार, राहुल यादव और सौरभ सराठे ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर शांति नगर निवासी शिव तिवारी, विनोद चौरसिया और बखटिया यादव के घरों में हमला बोल दिया था। उपद्रवियों ने घरों में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट की। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिनमें से एक आरोपी राहुल यादव को पुलिस ने घेराबंदी कर नागपुर से धर दबोचा।

हत्या के मामलों में भी शामिल रहे हैं आरोपी

पुलिस जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि पकड़े गए आरोपियों में से दो पहले भी हत्या जैसे जघन्य अपराधों में शामिल रह चुके हैं। इनमें से एक हत्या शांति नगर और दूसरी बालाघाट सड़क मार्ग पर हुई थी। पुलिस ने इनके खिलाफ बी.एन.एस. की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। एक नाबालिग साथी को नोटिस तामील कर परिजनों के सुपुर्द किया गया है।

मोहल्ले में जुलूस निकालकर दी चेतावनी

मण्डला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशानुसार, जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। इसी क्रम में एसडीओपी मनीष राज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बलदेव मुजाल्दा की टीम ने तीनों आरोपियों को उस स्थान पर ले जाकर जुलूस निकाला, जहाँ उन्होंने आतंक फैलाया था।

शराब की अवैध बिक्री बनी जड़

बताया गया कि शांति नगर वार्ड अवैध कच्ची और पक्की शराब का केंद्र बन चुका है। विवाद की मुख्य वजह शराब के नशे में युवाओं की टोली का एक स्थान पर जमावड़ा होना था। किसी के द्वारा मना किए जाने पर इन बदमाशों ने समूह बनाकर घरों पर हमला कर दिया।

पुलिस की अपील

थाना प्रभारी बलदेव मुजाल्दा ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि नगर की शांति भंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी अनैतिक गतिविधि या अवैध शराब की जानकारी सीधे पुलिस को दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

कार्यवाही में मुख्य भूमिका: इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी बलदेव मुजाल्दा, उप निरीक्षक सलमान खान, रविंद्र नेताम और आरक्षक कंकुल नगपुरे, सुरेश जैतवार सहित पूरे स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।



Leave a Comment