तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पत्थर से टकराई, तीन युवक घायल
- टिकरिया से पीपरडाही मार्ग में हुआ हादसा
- बीजाडांडी स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी
मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के बीजाडांडी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टिकरिया से पीपरडाही मार्ग में एक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पत्थर से टकरा गई, जिससे बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में तीनों घायलों को हाथ, पैर और चेहरे में गंभीर चोटें आई थी। घटना स्थल पर मौजूद स्थानीयजनों ने तत्काल हादसे की जानकारी 108 एम्बुलेंस और बीजाडांडी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस घटना स्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल सीएचसी बीजाडांडी उपचार के लिए पहुंचाया।
जानकारी अनुसार तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर ग्राम टिकरिया से पीपरदाही की ओर जा रहे थे। इसी दौरान यह सड़क हादसा हो गया। बताया गया कि बाइक की रफ्तार तेज थी। इसी दौरान अचानक मोटरसाइकिल के ब्रेक फेल हो गए, जिससे युवक का बाईक से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बाइक सीधे एक पत्थर से जा टकराई, जिसके कारण बाईक में सवार तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।
तत्काल मिली चिकित्सीय सहायता
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों ने सक्रियता दिखाते हुए 108 एम्बुलेंस और डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीजाडांडी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। हादसे में घायल हुए युवकों में गिरपत यादव 38 वर्ष पिता सेवाराम यादव, निवासी ग्राम कुटेली, भाव सिंह 42 वर्ष, पिता छिदामि कुडापे, निवासी ग्राम कुम्ही और रवि करियाम 30 वर्ष, पिता गुलाब, निवासी ग्राम टिकरिया है।
बीजाडांडी पुलिस ने की अपील
बताया गया कि इस सड़क हादसे की सूचना मिलते ही बीजाडांडी पुलिस भी मौके पर पहुंची। जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। बीजाडांडी पुलिस वाहन की स्थिति और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। बीजाडांडी पुलिस ने वाहन चालकों से सीमित गति में वाहन चलाने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है।










