बबलिया में मातम, 18 वर्षीय युवक ने जंगल में फांसी लगाकर की आत्महत्या
- जांच में जुटी निवास पुलिस
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्राम बबलिया में एक 18 वर्षीय युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने का दुखद मामला सामने आया है। जानकारी अनुसार ग्राम बबलिया निवासी गगन सिंह पदाम पिता स्व. पदाम ने बुधवार दोपहर करीब 2 बजे अपने घर के पास स्थित पकरी वाले जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
बताया गया कि 31 दिसंबर को गगन सिंह दोपहर का खाना खाने के बाद घर से निकला था। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने सोचा कि वह अपने दोस्तों के साथ कहीं घूमने गया होगा। लेकिन जब रात भर उसका पता नहीं चला, तो परिजनों ने तलाश शुरू की। गुरुवार सुबह घर के पास ही स्थित जंगल में एक सागौन के पेड़ पर रस्सी के फंदे से गगन का शव लटकता हुआ पाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही निवास पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम के पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिवार ने अपनी रीति-रिवाजों के अनुसार युवक का अंतिम संस्कार कर दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।









