मंडला में मोतियाबिंद मुक्त अभियान
मोहगांव के मरीजों का होगा नि:शुल्क ऑपरेशन, कलेक्टर ने दिए पुख्ता व्यवस्था के निर्देश
- 31 दिसंबर से मोहगांव में शुरू होगा महा-अभियान
- नेत्र ज्योति की नई किरण, जिला अस्पताल में होंगे विशेषज्ञों द्वारा ऑपरेशन
मंडला महावीर न्यूज 29. प्रधानमंत्री मोतियाबिंद मुक्त भारत अभियान के तहत विकासखंड मोहगांव में नेत्रहीनों को नई रोशनी देने के लिए वृहद कार्ययोजना तैयार की गई है। जिला कलेक्टर ने जनसुनवाई के दौरान सिविल सर्जन और अंधत्व निवारण कार्यक्रम प्रबंधक को निर्देशित किया है कि शिविर के दौरान मरीजों की आवास, भोजन और उपचार में कोई कमी न रहे।
तीन चरणों में पूरा होगा अभियान
प्रथम चरण 31 दिसंबर से 2 जनवरी को मोहगांव विकासखंड के कुल 24 सेक्शनों में मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के सहयोग से स्क्रीनिंग शिविर आयोजित होंगे। यहाँ नेत्र चिकित्सा सहायकों द्वारा संभावित मरीजों की पहचान की जाएगी। इसके साथ ही मरीजों की ब्लड प्रेशर, शुगर और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांचें मौके पर ही पूर्ण की जाएंगी। द्वितीय चरण में 4 और 5 जनवरी को चयनित मरीजों को शासकीय वाहनों के माध्यम से सुरक्षित तरीके से जिला चिकित्सालय मंडला लाया जाएगा। इसके लिए परिवहन विभाग को विशेष सहयोग के निर्देश दिए गए हैं। बताया गया कि तृतीय चरण 5 से 7 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। जिला चिकित्सालय में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. तरुण अहरवाल द्वारा चयनित मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन एवं लेंस प्रत्यारोपण किया जाएगा।
कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
जिला कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि सभी शल्यक्रियाएं गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया है कि संक्रमण की किसी भी संभावना को रोकने के लिए पहले ही पड़ताल कर ली जाए और ओटी में समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। मरीजों के रुकने और भोजन की जिम्मेदारी सिविल सर्जन मंडला को सौंपी गई है। इस अभियान का उद्देश्य जिले के बुजुर्गों को मोतियाबिंद से मुक्ति दिलाकर उनके जीवन में उजाला लाना है।











