पैतृक जमीन विवाद में खूनी संघर्ष

मंडला: पैतृक जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, जानलेवा हमले में एक गंभीर घायल

कोर्ट का फैसला आने के बाद भड़का आक्रोश, पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला

मंडला महावीर न्यूज 29.  कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत बिझिंया में पैतृक जमीन के विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया है। एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच चल रही रंजिश में छोटे भाई के बेटे ने अपने ही परिजनों पर प्राणघातक हमला कर दिया। इस हमले में राजू ठाकुर नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

न्यायालय के फैसले के बाद बढ़ी रंजिश

जानकारी के अनुसार, बिझिंया निवासी इस परिवार के दो भाइयों के बीच पैतृक संपत्ति को लेकर लंबे समय से कानूनी लड़ाई चल रही थी। हाल ही में न्यायालय का फैसला एक पक्ष के हक में आने से दूसरा पक्ष आक्रोशित हो गया। इसी रंजिश के चलते करीब एक सप्ताह पूर्व आरोपियों ने राजू ठाकुर पर जानलेवा हमला कर दिया।

जबलपुर रेफर किया गया घायल

घटना के बाद घायल राजू ठाकुर को तत्काल जिला अस्पताल मंडला ले जाया गया, जहाँ उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया। इलाज के बाद वापस लौटने पर पीड़ित परिवार ने सिटी कोतवाली में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की कार्यवाही

सिटी कोतवाली प्रभारी शफीक खान ने बताया कि पीड़ित के बयानों के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जबलपुर से विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट प्राप्त होते ही मामले में आगे की वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।



Leave a Comment