वैश्य महासम्मेलन के कैलेंडर 2026 का भव्य विमोचन
- सहस्त्रधारा में जुटेगा समाज, जिला स्तरीय पिकनिक की रूपरेखा तैयार
- गोंडी पब्लिक ट्रस्ट में वैश्य महासम्मेलन की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न
- 9 जनवरी को परिवार सहित जुटेंगे समाज के सदस्य
मंडला महावीर न्यूज 29. वैश्य महासम्मेलन जिला इकाई मंडला की एक महत्वपूर्ण बैठक विगत दिनों गोंडी पब्लिक ट्रस्ट, महिष्मति घाट के सभागार में संपन्न हुई। इस बैठक में वरिष्ठ सदस्यों और संभाग व जिला पदाधिकारियों की उपस्थिति में वर्ष 2026 के वैश्य समाज कैलेंडर का विधिवत विमोचन किया गया। साथ ही संगठन की आगामी गतिविधियों और वार्षिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए संभाग प्रभारी श्री अशोक गोयल ने कैलेंडर के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस कैलेंडर में पूरे मध्यप्रदेश के जिला और तहसील स्तर के पदाधिकारियों के पद और मोबाइल नंबर सहित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई है। साथ ही वर्ष भर आयोजित होने वाले अनिवार्य कार्यक्रमों और उनके प्रभारियों का विवरण भी इसमें अंकित है, जो आजीवन सदस्यों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होता है।
9 जनवरी को सहस्त्रधारा में होगा पिकनिक का आयोजन
संगठन द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जिला स्तरीय पिकनिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। सर्वसम्मति से तय किया गया कि आगामी 9 जनवरी 2026 को मंडला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में पिकनिक का आयोजन होगा। जिला अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने मण्डला जिले के सभी ब्लॉकों और तहसीलों के सदस्यों से आग्रह किया है कि वे अपनी कार्यकारिणी और परिवार सहित इस आयोजन में सहभागिता दर्ज कराएं।
बैठक में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला प्रभारी सुनील अग्रवाल, जिला कार्यकारी अध्यक्ष रंजीत कछवाहा, तहसील अध्यक्ष अखिलेश सोनी, महिला प्रकोष्ठ प्रमुख अनीता गोयल, संरक्षक सुधीर कसार और संभागीय अध्यक्ष वर्षा चौरसिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जिला महामंत्री अनिता राय, कोषाध्यक्ष सरोज अग्रवाल, मंजूश्री अग्रवाल, अंजना चौरसिया, विजय अग्रवाल सहित समाज के अन्य प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।









