पटवारी के प्रताडऩा मामले ने पकड़ा तूल
- पटवारी संघ ने प्रभारी मंत्री को सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग
- प्रभारी मंत्री से मिला पटवारियों का प्रतिनिधिमंडल
- साथी संदीप के साथ हुई प्रताडऩा के खिलाफ खोला मोर्चा
मंडला महावीर न्यूज 29. राजस्व विभाग के मैदानी अमले (पटवारियों) ने अपने साथी के साथ हुई कथित प्रताडऩा के खिलाफ लामबंद होकर सरकार के समक्ष अपनी बात रखी है। पटवारी संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रभारी मंत्री से मुलाकात कर उन्हें एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा और पीडि़त पटवारी संदीप के प्रकरण में न्याय की गुहार लगाई।
प्रभारी मंत्री से मुलाकात के दौरान पटवारियों ने प्रभारी मंत्री के साथ उपस्थित केबिनेट मंत्री को भी पूरे घटनाक्रम की क्रमबद्ध जानकारी दी। इस महत्वपूर्ण चर्चा के समय भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा सहित अन्य वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
सच्चाई और निष्पक्षता पर दिया जोर
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष पूरी सच्चाई के साथ साथी संदीप के साथ हुई प्रताडऩा का विवरण रखा। ज्ञापन में उल्लेखित मांगों पर विस्तृत चर्चा करते हुए संघ ने स्पष्ट किया कि कार्यक्षेत्र में इस प्रकार की प्रताडऩा से पटवारियों के मनोबल पर विपरीत असर पड़ रहा है। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और दोषी पक्षों पर उचित कार्रवाई की मांग की।
मंत्री ने दिया आश्वासन
प्रभारी मंत्री ने पटवारी संघ की बातों को अत्यंत गंभीरता और धैर्यपूर्वक सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रकरण की सूक्ष्मता से जांच कराई जाएगी और न्यायोचित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। मंत्री के सकारात्मक आश्वासन के बाद संघ ने उम्मीद जताई है कि पीडि़त साथी को जल्द न्याय मिलेगा।









