09 मोतियाबिंद मरीजों को मिलेगी नई रोशनी का सहारा
- राष्ट्रीय दृष्टि विहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत आयोजित हुआ नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर
मंडला महावीर न्यूज 29. राष्ट्रीय दृष्टि विहीनता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज में सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल के मार्गदर्शन में नि:शुल्क नेत्र जांच परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया था। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र रोगों, विशेषकर मोतियाबिंद से पीडि़त मरीजों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। नि:शुल्क शिविर में नेत्र चिकित्सा सहायक जयकरण चौधरी द्वारा मरीजों की जांच की गई। जांच के दौरान इनमें से 09 मरीज मोतियाबिंद से ग्रसित मिले। इन चिन्हित मरीजों को तत्काल सर्जरी के लिए मंडला जिला चिकित्सालय रैफर किया गया।
जानकारी अनुसार नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर में चिंहित किए गए सभी 09 मोतियाबिंद मरीजों को बिना किसी विलंब के 108 एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय मंडला भेजा गया। जिला चिकित्सालय में नेत्र विशेषज्ञ डॉ. तरूण अहरवाल द्वारा इन मरीजों की मोतियाबिंद सर्जरी की जाएगी। सीएचसी नारायणगंज सीबीएमओ डॉ. अमृत लाल कोल ने बताया कि बताया कि मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद चश्मा और दवाइयां भी पूर्णत: नि:शुल्क प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही सर्जरी के बाद मरीजों को वापस नारायणगंज तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए वाहन की नि:शुल्क व्यवस्था भी की जाएगी।
इनका होगा मोतियाबिंद ऑपरेशन
नेत्र चिकित्सा सहायक जयकरण चौधरी ने बताया कि मोतियाबिंद के चिन्हित मरीजों को जिला अस्पताल मोतियाबिंद सर्जरी के लिए भेजा गया है। जहां नेत्र विशेषज्ञ डॉ. तरूण अहरवाल ऑपरेशन करेंगे। मरीजों में राम कुमार 63 वर्ष निवासी खैरी, पंचम लाल मरावी 52 वर्ष सिघनपुरी, शंकर यादव 60 वर्ष निवासी खम्हरिया, हरे सिंह धुर्वे 55 वर्ष निवासी खम्हरिया, मनीराम पुंधे 60 वर्ष निवासी मानेगांव, छींता बाई यादव 65 वर्ष निवासी डालाखापा, मंगोबाई झारिया 70 वर्ष निवासी मैली, भागवती भवेदी 55 वर्ष निवासी अमदरा, गिंदो बाई बरकड़े 60 वर्ष अमदरा को मंडला जिला चिकित्सालय भेजा गया है।









