नैनपुर रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट पर युवक ने लगाई फांसी

नैनपुर रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट पर युवक ने लगाई फांसी

  • सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल, बंगाल का रहने वाला था मृतक
  • रेलवे स्टेशन की सुरक्षा में बड़ी चूक
  • दिनदहाड़े युवक ने फंदा लगाकर दी जान
  • सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

मंडला महावीर न्यूज 29. नैनपुर रेलवे स्टेशन परिसर सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर एक युवक का शव फांसी के फंदे पर लटकता पाया गया। घटना सुबह लगभग 11.30 बजे की है, जब स्टेशन पर यात्रियों और दुकानदारों की भारी चहल-पहल थी। जीआरपी के अनुसार मृतक की तलाशी लेने पर उसकी जेब से आधार कार्ड बरामद हुआ है। इसके आधार पर उसकी पहचान पश्चिम बंगाल निवासी विष्णु मंडल के रूप में की गई है। पुलिस ने आधार कार्ड पर दर्ज मोबाइल नंबर के जरिए परिजनों से संपर्क साधा है। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नैनपुर के सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।जीआरपी थाना प्रभारी दिलीप बढ़ई ने बताया कि जिस स्थान पर युवक ने सुसाइड किया, वहां बैरिकेड्स बांधने के लिए नायलॉन की रस्सी पहले से मौजूद थी। युवक ने संभवत: उसी रस्सी का उपयोग फंदा बनाने के लिए किया। पुलिस अब स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि युवक स्टेशन कब पहुँचा और किन परिस्थितियों में उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

सुरक्षा पर उठे सवालिया निशान 

24 घंटे सुरक्षा और सघन आवाजाही वाले स्टेशन परिसर में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब वहां जीआरपी और आरपीएफ का बल तैनात रहता है, तो किसी को इस घटना की भनक तक कैसे नहीं लगी? नागरिकों ने इसे ड्यूटी के प्रति लापरवाही करार देते हुए कड़ी जांच की मांग की है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।


 

Leave a Comment