साहस और संस्कार की पाठशाला
- शासकीय हाईस्कूल माड़ोगढ़ में उत्साह के साथ मनाया वीर बाल दिवस
- साहबजादों के बलिदान से प्रेरणा लेंगे बच्चे
- माड़ोगढ़ में प्रतियोगिताओं के साथ जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
मंडला महावीर न्यूज 29. कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग शालिनी तिवारी के मार्गदर्शन में नारायणगंज विकासखंड के शासकीय हाईस्कूल माड़ोगढ़ में वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित वन स्टॉप सेंटर मंडला की प्रशासक प्रेरणा मर्सकोले ने छात्र-छात्राओं को गुरु गोविंद सिंह के चार साहिबजादों के सर्वोच्च बलिदान की गाथा सुनाई। उन्होंने बताया कि किस प्रकार साहिबजादों ने सत्य, साहस और धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। सुश्री मर्सकोले ने जानकारी दी कि वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री द्वारा इस दिवस की घोषणा बच्चों में साहस, देशभक्ति और नैतिक मूल्यों के विकास के उद्देश्य से की गई थी।
समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं को वेबकास्ट के माध्यम से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इसके बाद बच्चों के लिए विभिन्न रचनात्मक और शारीरिक गतिविधियों का आयोजन हुआ, जिसमें निबंध लेखन, रंगोली, चित्रकला के साथ-साथ दौड़, कुर्सी दौड़, मेढक दौड़ और बोरा दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक
प्रशासक द्वारा छात्राओं को आपातकालीन सेवाओं की जानकारी देते हुए महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 और डायल 112 के महत्व को समझाया। इसके साथ ही बाल विवाह के विरुद्ध चलाए जा रहे 100 दिवसीय अभियान के तहत जिला स्तरीय कंट्रोल रूम और टोल फ्री नंबर की जानकारी भी साझा की गई।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर परियोजना अधिकारी संजीव मोहर, पर्यवेक्षक रंजना दुबे, स्कूल प्राचार्य, शिक्षकगण सहित वन स्टॉप सेंटर से केस वर्कर आशा नंदा, हरिशंकर कछवाहा, आरती वरकडे और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सीमा वरकडे, अनुसुईया उइके व संध्या परते मुख्य रूप से उपस्थित रहे।









