बबलिया की बेटी बनीं सहायक प्राध्यापक
- वैशाली पंद्राम ने लोक सेवा आयोग में लहराया परचम
- पन्ना जिले के शाहनगर महाविद्यालय में दी ज्वाइनिंग
- क्षेत्र और माता-पिता का नाम किया रोशन
मंडला महावीर न्यूज 29. ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं अपनी मेहनत और लगन से लगातार सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। इसी क्रम में ग्राम बबलिया माल निवासी वैशाली पंद्राम ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सहायक प्राध्यापक (वाणिज्य) के पद पर चयनित होकर जिले का मान बढ़ाया है।
बताया गया कि वैशाली पंद्राम की प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक शाला बबलिया और माध्यमिक शिक्षा देवरी कला से हुई। इसके बाद उन्होंने हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी की पढ़ाई मंडला से पूर्ण की। उच्च शिक्षा की दिशा में कदम बढ़ाते हुए उन्होंने जबलपुर से स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की। उनकी इस शैक्षणिक यात्रा का परिणाम हाल ही में आए चयन परिणामों में देखने को मिला।
शासकीय सेवा में पदार्पण
ग्राम पंचायत सचिव गंगाराम पंद्राम और माता रामश्री पंद्राम की सुपुत्री वैशाली ने गत दिवस पन्ना जिले के शाहनगर शासकीय महाविद्यालय में सहायक प्राध्यापक के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। वैशाली की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में खुशी का माहौल है, बल्कि ग्राम देवरी कला, बबलिया और पूरे क्षेत्र के नागरिक हर्षित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वैशाली की सफलता अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी।









