धान खरीदी केन्द्र बबलिया में परिवहन ठप, मैदान में लगा बोरियों का अंबार

धान खरीदी केन्द्र बबलिया में परिवहन ठप, मैदान में लगा बोरियों का अंबार

  • मैदान फुल, ट्रैक्टरों की लगी कतारें, किसान परेशान, प्रशासन की लापरवाही
  • 15 दिनों में खरीदी गई 6592 क्विंटल धान, सिर्फ 700 क्विंटल का ही हुआ उठाव

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले के स्थानीय देवरी कला स्थित बबलिया धान उपार्जन केंद्र में परिवहन की कछुआ चाल ने किसानों और केंद्र प्रभारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा संचालित इस केंद्र में पिछले 15 दिनों से धान की खरीदी तो जारी है, लेकिन उठाव न होने के कारण पूरा परिसर धान की बोरियों से पट गया है।जानकारी अनुसार परिवहन की धीमी गति का आलम यह है कि अब तक कुल 6592 क्विंटल धान खरीदी जा चुकी है, जिसमें से मात्र 700 क्विंटल का ही उठाव हो पाया है। शेष हजारों क्विंटल धान खुले आसमान के नीचे छल्ली लगाकर रखा गया है। जगह की कमी के कारण किसानों को अपने धान से भरे ट्रैक्टर खड़े करने की जगह नहीं मिल रही है। स्थिति यह है कि किसानों को अपनी उपज तुलवाने के लिए 2 से 3 दिनों तक केंद्र पर ही डेरा डालना पड़ रहा है।

वजन में कमी से नुकसान की आशंका 

गोदाम प्रभारी संतोष ने बताया कि धूप में रखी धान की बोरियों में अब सूख लगने लगी है। अनुमान के मुताबिक एक बोरी में लगभग 300 ग्राम तक वजन कम हो रहा है। यदि जल्द परिवहन नहीं हुआ तो कुल खरीदी गई धान में लगभग 40 क्विंटल की कमी आने की संभावना है, जिसका सीधा असर वित्तीय गणना पर पड़ेगा। इसके अलावा खुले में रखे अनाज को मवेशियों और चोरी होने का भी लगातार भय बना रहता है।

सरपंच और किसानों ने लगाई गुहार 

स्थानीय सरपंच देवीदीन रामचरण मसराम और परेशान किसानों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि मैदान खाली न होने से नई तुलाई और सिलाई का काम प्रभावित हो रहा है। किसानों को हफ्तों से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन तत्काल पर्याप्त वाहन लगाकर धान को गोदामों तक पहुँचाए। किसानों और उपार्जन केंद्र के कर्मचारियों ने जिला प्रशासन को पत्र लिखकर चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही परिवहन व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो आगामी दिनों में खरीदी पूरी तरह ठप हो सकती है।



 

Leave a Comment