स्वस्थ मन, सशक्त पुलिस
- मंडला पुलिस कंट्रोल रूम में आहार-पोषण और नशामुक्ति शिविर आयोजित
- तनाव से जंग, सकारात्मकता के संग
- एसपी की मौजूदगी में पुलिसकर्मियों को मिले मानसिक स्वास्थ्य के गुर
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पुलिस कंट्रोल रूम मंडला में जिला पुलिस बल के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। स्वस्थ मन, सशक्त पुलिस के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित इस शिविर में आहार-पोषण, मानसिक स्वास्थ्य और नशामुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया।
तनावपूर्ण दिनचर्या और स्वास्थ्य की चुनौतियां पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस की व्यस्त और तनावपूर्ण कार्यप्रणाली से उत्पन्न होने वाली समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। शिविर में चर्चा की गई कि निरंतर ड्यूटी के दबाव और अनियमित दिनचर्या के कारण पुलिसकर्मी अक्सर अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं, जिससे मानसिक थकान और नशे की लत का खतरा बढ़ जाता है।
विशेषज्ञों की सलाह और समाधान जबलपुर से आईं मनोचिकित्सक डॉ. अंकिता साहू और ब्लॉक मानसिक स्वास्थ्य परामर्शदाता सत्यजीत सिंह पटेल ने मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के लक्षणों और नशे से बचाव के तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने पुलिसकर्मियों को संतुलित जीवन जीने के लिए कुछ व्यावहारिक उपाय बताए। जिसमें नियमित व्यायाम और संतुलित आहार। ध्यान (मेडिटेशन) और सकारात्मक सोच का विकास। बेहतर पारिवारिक संवाद और नशे से पूर्ण दूरी।
शिविर में डीएसपी महिला सुरक्षा सतीश चतुर्वेदी, निरीक्षक ममता परस्ते, सूबेदार गैलेंद्र नागेश, उनि प्रभात तिवारी होम गार्ड सहित जिला पुलिस बल, 35वीं बटालियन ग्वारा और होम गार्ड मंडला के लगभग 100 अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।









