किसानों का ऐलान, सिंचाई नहीं तो प्रोजेक्ट नहीं
- हाइड्रो पावर प्लांट के विरोध में पिंडरई में किसान महापंचायत
- बीजाडांडी में भड़का किसानों का आक्रोश
- हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट निरस्त करने और लिफ्ट सिंचाई की मांग को लेकर 5 जनवरी को उग्र आंदोलन की चेतावनी
मंडला महावीर न्यूज 29. विकासखंड बीजाडांडी के ग्राम पंचायत पिंडरई में आयोजित किसान महापंचायत में क्षेत्र के सैकड़ों किसानों ने हुंकार भरते हुए शासन-प्रशासन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक क्षेत्र में बरगी बांध लिफ्ट सिंचाई परियोजना को मंजूरी नहीं मिलती, तब तक किसी भी हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
महापंचायत में किसानों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि वे पिछले 20 वर्षों से बरगी बांध से लिफ्ट सिंचाई की मांग कर रहे हैं। वर्ष 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बबलिया रिपटा में इस परियोजना की घोषणा भी की थी, लेकिन आज तक इसे स्वीकृति नहीं मिली। किसानों का आरोप है कि सिंचाई परियोजना को ठंडे बस्ते में डालकर प्रशासन दबे पांव हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट को मंजूरी दे रहा है।
बिना ग्राम सभा की जानकारी के सर्वे पर नाराजगी
किसानों ने मुद्दा उठाया कि यह क्षेत्र अनुसूचित जनजाति (पाचवीं अनुसूची) के अंतर्गत आता है, इसके बावजूद बिना ग्राम सभा को सूचित किए हाइड्रो पावर प्लांट का सर्वे कर लिया गया। ग्रामीणों को अन्य माध्यमों से इसकी जानकारी मिली, जिससे उनमें गहरा असंतोष है। महापंचायत में निर्णय लिया गया है कि सभी गांवों से इस प्रोजेक्ट के विरोध में प्रस्ताव पारित कर जिला प्रशासन को भेजा जाएगा।
5 जनवरी को उग्र आंदोलन की चेतावनी
जनपद सदस्य राजेंद्र पुट्टा ने आरोप लगाया कि प्रशासन कंपनियों के साथ सांठगांठ कर पानी का लाभ उन्हें देना चाहता है, जिससे कंपनियां मोटा मुनाफा कमा सकें। उन्होंने दो टूक कहा कि पहले सिंचाई का काम शुरू हो, वरना कोई दूसरा प्रोजेक्ट लगने नहीं दिया जाएगा। यदि मांगों पर विचार नहीं हुआ, तो आगामी 5 जनवरी को बीजाडांडी मुख्यालय पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों तक पहुँचा मामला
इस संबंध में बीजाडांडी खापा माल के किसानों ने मंडला कलेक्टर को जनसुनवाई में ज्ञापन सौंपा है। इसके साथ ही पूर्व विधायक डॉ. अशोक मर्सकोले को भी स्थिति से अवगत कराया गया है। किसान अब इस मामले को लेकर सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, मंत्री संपतिया उइके और मुख्यमंत्री से मिलने की तैयारी कर रहे हैं। कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष करिश्मा राजेंद्र पुट्टा, पिंडरई सरपंच तारेंद्र मरकाम, जमठार सरपंच ब्रिजलाल कुंजाम, पूर्व सरपंच देवलाल मलगाम, समाजसेवी मोले सिंह गोठरिया, धन सिंह आर्मो सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।









