रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को कुचल
- मौके पर ही दर्दनाक मौत, आरोपी चालक फरार
- भाई-बहन नाल के पास सड़क हादसे में बेगा टोला के युवक ने गंवाई जान, इलाके में शोक
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के मोती नाला थाना क्षेत्र से एक बेहद हृदयविदारक और सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहाँ ग्राम भाई-बहन नाल के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी अनुसार मृतक की शिनाख्त कमलेश मरावी पिता विकारी मरावी के रूप में हुई है, जो कि बेगा टोला का निवासी था। बताया गया कि बुधवार अलसुबह करीब चार बजे कमलेश अपनी मोटरसाइकिल से जा रहा था, इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
हादसे की सूचना स्थानीय पुलिस, एम्बुलेंस और डायल 112 को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।
मोती नाला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस आकस्मिक घटना के बाद से मृतक के गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर फरार वाहन का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है।
सुशील कुमार बंजारा, मोतीनाला











