राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में दिखेगा मंडला का दम
- मप्र की टीम में तनु यादव और राघवेंद्र सैयाम का चयन
- जबलपुर में सजेगा 69वीं राष्ट्रीय शालेय खो-खो का मंच
- मंडला के दो खिलाड़ी और एक निर्णायक देंगे सेवाएं
मंडला महावीर न्यूज 29. स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 69वीं राष्ट्रीय शालेय खो-खो प्रतियोगिता 19 वर्ष आयु वर्ग में इस बार मंडला जिले की प्रतिभाएं अपनी चमक बिखेरेंगी। 23 से 28 दिसंबर तक संस्कारधानी जबलपुर में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए मध्यप्रदेश की टीम में मंडला के दो होनहार खिलाडिय़ों, तनु यादव और राघवेंद्र सैयाम का चयन किया गया है।
बताया गया कि चयनित दोनों खिलाड़ी जिला खो-खो प्रशिक्षण केंद्र, पुलिस लाइन मंडला में पिछले 5 वर्षों से कड़ा अभ्यास कर रहे हैं। इनके समर्पण और खेल के प्रति जुनून का ही परिणाम है कि आज वे राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं। खिलाडिय़ों की इस सफलता के साथ मंडला के लिए एक और गौरव की बात यह है कि जिला खो-खो प्रशिक्षक डॉ. आकाश खत्री को इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए निर्णायक (अंपायर) की महत्वपूर्ण भूमिका सौंपी गई है।
खेल जगत में हर्ष की लहर
खिलाडिय़ों और प्रशिक्षक की इस उपलब्धि पर खेल जगत और जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। जिला खेल अधिकारी विकास खराड़कर, जिला प्रशिक्षक सोना दुबे, तीरंदाजी प्रशिक्षक जसवंत अहिरवार सहित मोहन ठाकुर, शशांक मिश्रा, पंकज उसराठे और अन्य विभागीय कर्मचारियों ने खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। खेल प्रेमियों का कहना है कि इस तरह की उपलब्धियों से जिले के अन्य उभरते खिलाडिय़ों को भी प्रेरणा मिलेगी और मंडला का नाम खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय पटल पर अंकित होगा।










