अव्यवस्थित ऑटो पार्किंग से लगा जाम, प्रशासन की चुप्पी से राहगीर परेशान
- सड़क पर कब्जा, नियमों की अनदेखी
- नारायणगंज बस स्टैंड पर कंडम ऑटो और अवैध पार्किंग बनी सिरदर्द
मंडला महावीर न्यूज 29. नारायणगंज मुख्यालय के मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र में इन दिनों अव्यवस्थित ऑटो पार्किंग ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। निर्धारित पार्किंग स्थल न होने के कारण ऑटो चालक मनमाने ढंग से सड़क किनारे वाहन खड़े कर रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में आए दिन लंबा जाम लग रहा है। इस अव्यवस्था के चलते स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और पैदल चलने वाले राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि नारायणगंज में नियमों को ताक पर रखकर कई पुराने और कंडम ऑटो धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं। इन वाहनों से न केवल अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण हो रहा है, बल्कि इनके कारण सड़क दुर्घटनाओं का अंदेशा भी बना रहता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्रीय प्रशासन और पुलिस द्वारा इन नियम विरुद्ध वाहनों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे इनके हौसले बुलंद हैं।
पूर्व में हो चुके हैं विवाद, बड़ी घटना की आशंका
अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर पूर्व में भी कई बार ऑटो चालकों और आम जनता के बीच विवाद एवं मारपीट की स्थितियां बन चुकी हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि शीघ्र ही प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया और ऑटो के लिए अलग पार्किंग स्थल निर्धारित नहीं किया, तो भविष्य में कोई बड़ी अप्रिय घटना घटित हो सकती है।
सख्त कार्रवाई की मांग
नारायणगंज के प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बस स्टैंड क्षेत्र में ऑटो के लिए सुव्यवस्थित पार्किंग स्थल चिन्हित किया जाए। सड़क बाधित करने वाले वाहनों पर जुर्माने की कार्रवाई की जाए। बिना दस्तावेज और कंडम हो चुके वाहनों को जब्त किया जाए। नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।









