मंडला पुलिस की नई पहल
- विश्व ध्यान दिवस पर 1500 जवानों ने सीखा तनाव प्रबंधन का गुर
- हर दिल ध्यान, हर दिन ध्यान
- पुलिस लाइन में तीन दिवसीय योग कार्यशाला का भव्य समापन
मंडला महावीर न्यूज 29. पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने और कठिन ड्यूटी के बीच तनाव कम करने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय ध्यान योग कार्यशाला का विश्व ध्यान दिवस पर समापन हुआ। मध्यप्रदेश पुलिस और हार्टफुलनेस संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के कुशल मार्गदर्शन में तनावमुक्ति एवं ध्यान केंद, हर दिल ध्यान, हर दिन ध्यान अभियान के तहत संपन्न हुआ।
1500 जवानों ने एक साथ किया ध्यान
जिले के पुलिस लाइन परेड ग्राउंड, सामुदायिक भवन सहित समस्त थानों और चौकियों में आयोजित इस तीन दिवसीय अभियान में मंडला पुलिस और सीआरपीएफ 148वीं बटालियन के 1500 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला के समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से ध्यान का अभ्यास कर आंतरिक शांति और नई ऊर्जा का अनुभव किया।
मुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक सोच का संदेश
विश्व ध्यान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में ज़ूम लिंक के माध्यम से मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश का लाइव संबोधन प्रसारित किया गया। उन्होंने पुलिस बल को संबोधित करते हुए नियमित ध्यान अपनाने, तनावमुक्त जीवनशैली और सकारात्मक कार्यसंस्कृति विकसित करने पर विशेष बल दिया।
हार्टफुलनेस संस्था के प्रशिक्षकों ने दिया प्रशिक्षण
हार्टफुलनेस संस्था के प्रशिक्षकों ने पुलिसकर्मियों को आत्मचिंतन और मानसिक संतुलन के व्यावहारिक तरीके सिखाए। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के साथ नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, एएसपी शिव कुमार वर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। संस्था की ओर से श्रीमती पूर्वा धर्माधिकारी एवं उनकी टीम ने प्रशिक्षण प्रदान किया। पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित इस समापन समारोह के अंत में राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुआ। उपस्थित अधिकारियों ने संकल्प लिया कि वे अपनी व्यस्त दिनचर्या में ध्यान को स्थान देंगे जिससे आम जनता की सेवा और अधिक संवेदनशीलता व धैर्य के साथ की जा सके।
इनकी रही उपस्थिति
पुलिस लाइन में आयोजित तीन दिवसीय योग कार्यशाला में में एसडीओपी पीयूष मिश्रा, डीएसपी सतीश चतुर्वेदी, अर्चना अहीर, उप कमांडेंट अमरी प्रसाद, रक्षित निरीक्षक सुनील नागवंशी सहित कोतवाली और यातायात थाना प्रभारी एवं बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।










