धर्म और समाज सुधार का संगम
- सुश्री देविका किशोरी की भागवत कथा का शुभारंभ, उमड़ा जनसैलाब
- शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु हुए शामिल
- करिया गांव में कलश यात्रा के साथ गूंजी पुराण कथा
मंडला महावीर न्यूज 29. अंजनिया के समीपवर्ती ग्राम करिया गांव में रविवार से श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ हुआ। इमलई पनागर निवासी कुर्मी समाज की लाडली बेटी और प्रखर कथावाचिका सुश्री देविका किशोरी पटेल के मुखारविंद से प्रवाहित होने वाली इस सात दिवसीय कथा के पहले दिन भक्ति और उत्साह का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला।
कथा के शुभारंभ पर आयोजित शोभायात्रा मंडला स्थित पटेल ट्रैक्टर्स से प्रारंभ हुई। सैकड़ों वाहनों और हजारों धर्मप्रेमियों के काफिले के साथ यह यात्रा पदमी, माधोपुर होते हुए अंजनिया पहुंची। यहां कथावाचिका देविका पटेल ने खेरमाई मंदिर में पूजन-अर्चन कर समस्त देवी-देवताओं का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने मां दुर्गा, तपस्वी त्यागी जी महाराज एवं गायत्री माता के दरबार में मत्था टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
कलश यात्रा में मातृशक्ति का रहा उत्साह
ग्राम करिया गांव में आयोजित कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर बैंड-बाजे की धुन पर अगुवाई की। गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलश यात्रा कथा स्थल पर संपन्न हुई, जहाँ विधि-विधान से पुराण का पूजन किया गया।
कथा के साथ समाज सुधार का संकल्प
शिक्षक प्रियदर्शन पटेल ने बताया कि कथावाचिका देविका पटेल विगत कुछ समय से राष्ट्र उत्थान और सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का संकल्प लेकर कथा वाचन कर रही हैं। सात दिनों तक चलने वाली इस संगीतमयी कथा के माध्यम से भक्ति के साथ सामाजिक रूढि़वादिताओं के खिलाफ जागरूकता का संदेश भी दिया जाएगा।
पदाधिकारियों और ग्रामीणों की रही उपस्थिति
इस आयोजन को लेकर कुर्मी समाज विकास संगठन के समस्त पदाधिकारियों एवं स्वजातीय भाई-बहनों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम के पहले दिन समस्त ग्रामवासियों की उपस्थिति प्रशंसनीय रही। आयोजकों ने क्षेत्र की जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस सामाजिक और धार्मिक ज्ञान यज्ञ का लाभ उठाएं।









