पुलिस लाइन में गूंजा शांति का मंत्र

पुलिस लाइन में गूंजा शांति का मंत्र

  • तनाव मुक्त ड्यूटी के लिए पुलिसकर्मियों ने सीखा ध्यान
  • मंडला पुलिस की मानसिक सुदृढ़ता के लिए तीन दिवसीय ध्यान शिविर का आगाज

मंडला महावीर न्यूज 29. विश्व ध्यान दिवस के उपलक्ष्य में मंडला पुलिस और हार्टफुलनेस संस्था के संयुक्त तत्वाधान में तीन दिवसीय विशेष ध्यान शिविर का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। विशेष ध्यान शिविर का समापन 21 दिसंबर को किया जाएगा। मंडला पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा की विशेष पहल पर आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को मानसिक तनाव से मुक्ति दिलाना और उनमें सकारात्मक जीवन शैली विकसित करना है।

मानसिक एकाग्रता पर दिया जोर 

पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा ने हार्टफुलनेस संस्था के प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने उपस्थित पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस सेवा एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। ऐसे में ध्यान और योग न केवल मानसिक शांति प्रदान करते हैं, बल्कि कार्य के प्रति एकाग्रता बढ़ाकर तनावमुक्त जीवन जीने में मदद करते हैं।

विशेषज्ञ दे रहे हैं प्रशिक्षण 

शिविर के पहले दिन प्रशिक्षक देवेंद्र राजपूत एवं अनिल धुर्वे द्वारा पुलिसकर्मियों को ध्यान, आत्मचिंतन और मानसिक संतुलन बनाए रखने के व्यावहारिक अभ्यास कराए गए। इस दौरान डीएसपी (महिला सुरक्षा) सतीश चतुर्वेदी, रक्षित निरीक्षक सुनील नागवंशी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

21 दिसंबर को होगा समापन 

हार्टफुलनेस संस्था की ओर से केंद्र प्रभारी श्रीमती पूर्वा धर्माधिकारी, दिनेश कुमार ओझा, श्रीमती उमा ओझा एवं रोहित पांडे ने शिविर के संचालन में सहयोग प्रदान किया। यह शिविर आगामी 21 दिसंबर तक चलेगा। शिविर का भव्य समापन ‘विश्व ध्यान दिवस’ के अवसर पर पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में किया जाएगा।



 

Leave a Comment