कड़ाके की ठंड में कलेक्टर की मानवीय पहल
- देर रात घाटों पर पहुंचकर बेसहारा और परिक्रमावासियों को बांटे कंबल
- मंडला में शीतलहर का सितम
- आधी रात सड़कों पर उतरे कलेक्टर सोमेश मिश्रा, जरूरतमंदों को दी राहत
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले में पिछले एक सप्ताह से जारी कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच जिला प्रशासन का मानवीय चेहरा सामने आया है। मंगलवार की देर रात कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने स्वयं नगर का भ्रमण कर ठंड से ठिठुर रहे लोगों की सुध ली और उन्हें राहत पहुंचाई।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने देर रात जिले के प्रमुख स्थल माहिष्मती घाट, दादा धनीराम बाबा मंदिर और संगम घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां आश्रय ले रहे श्रद्धालुओं, बेसहारा बुजुर्गों और नर्मदा परिक्रमावासियों से मुलाकात की। उनके हाल-चाल जानने के साथ ही कलेक्टर ने सभी जरूरतमंदों को ठंड से बचाव के लिए कंबलों का वितरण किया।
प्रशासन के प्रति जताया आभार भीषण ठंड के बीच अचानक जिला प्रशासन को अपने बीच पाकर और मदद प्राप्त कर परिक्रमावासी और श्रद्धालु भावुक हो उठे। कंबल पाकर उन्होंने जिला प्रशासन की इस संवेदनशीलता की सराहना की और कलेक्टर को मंगल आशीष प्रदान किए।
शीतलहर से जनजीवन प्रभावित
बताया गया कि मंडला सहित पूरे प्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। पिछले एक सप्ताह से जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सुबह के समय पूरी माहिष्मती नगरी कोहरे की चादर में लिपटी नजर आती है। लोग दिनभर गर्म कपड़ों में रहने को मजबूर हैं।
तापमान में गिरावट जारी
सोमवार को जिले का न्यूनतम पारा 8.5 डिग्री, मंगलवार को 8.2 डिग्री और बुधवार को न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वही मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक ठंड का यह प्रभाव और घना कोहरा बना रहने की प्रबल संभावना है। इसी को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है और रैन बसेरों व सार्वजनिक स्थानों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं।










