गंदगी का साम्राज्य-पोषक ग्राम सैलवारा

गंदगी का साम्राज्य

  • जान जोखिम में डालकर गंदे पानी से गुजरने को मजबूर सैलवारा के ग्रामीण
  • हैंडपंप के पास नरकीय हालात, नाली न होने से मुख्य मार्ग पर कीचड़
  • मुख्य सड़क पर फिसलन और दूषित पेयजल का खतरा
  • आक्रोशित महिलाओं ने की त्वरित कार्रवाई की मांग

मंडला महावीर न्यूज 29. घुघरी विकासखंड की पांडकला ग्राम पंचायत के पोषक ग्राम सैलवारा में इन दिनों ग्रामीण नारकीय जीवन जीने को विवश हैं। गांव में व्याप्त गंदगी और जल-जमाव से त्रस्त होकर बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष एकजुट हुए और प्रशासन से अपनी समस्या सुनने की गुहार लगाई। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में जल निकासी की उचित व्यवस्था नाली न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर जमा हो रहा है। स्थिति इतनी गंभीर है कि ग्रामवासियों को गंदे और बदबूदार पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि सबसे चिंताजनक स्थिति गांव के मुख्य हैंडपंप के पास है, जहाँ से ग्रामीण पीने का पानी भरते हैं। हैंडपंप के इर्द-गिर्द भी गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा पैदा हो गया है, खासकर दूषित पेयजल के कारण। जल-जमाव के कारण मुख्य मार्ग पर भारी काई जम गई है, जिसकी वजह से आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि उदासीन 

सैलवारा के ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इस गंभीर समस्या के समाधान के लिए उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और मुख्य कार्यपालन अधिकारी को भी आवेदन पत्र दिए हैं, लेकिन अभी तक किसी भी अधिकारी ने उनकी सुध नहीं ली है। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत के सदस्य, सरपंच और सचिव ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर पूरी तरह उदासीन हैं और केवल मनमर्जी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को ऐसा प्रतीत होता है जैसे वे सिर्फ मगरमच्छ की चाल चलते रहेंगे और जनता चिल्लाती रहेगी।

समस्या से ग्रामीण आक्रोशित 

बताया गया कि ग्राम में व्याप्त इस समस्या को लेकर महिलाएं एकत्र होकर अपनी समस्या को प्रमुखता से उठाया। वही आक्रोशित महिला ग्रामीण ने सवाल किया कि हम कब तक इस गंदगी और खतरे के बीच जिएंगे, न कोई नाली है, न कोई सुनवाई। बच्चे, बूढ़े, सब गिर रहे हैं। क्या जिम्मेदार किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है। ग्रामीणों ने स्थानीय और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए सैलवारा में नाली निर्माण और जल-जमाव की समस्या का समाधान करने की मांग की है, जिससे उन्हें साफ-सुथरा और सुरक्षित जीवन मिल सके।



 

Leave a Comment