मंडला में ठंड का कहर जारी, न्यूनतम पारा 8.5 डिग्री दर्ज

मंडला में ठंड का कहर जारी, न्यूनतम पारा 8.5 डिग्री दर्ज, भिलवानी रहा सबसे ठंडा

  • कोहरे के बीच कान्हा में रोमांच, 7.8 डिग्री तापमान के बाद पर्यटक ले रहे सफारी का आनंद
  • पिछले 10 दिनों में 7 से 8 डिग्री के आसपास बना हुआ है न्यूनतम तापमान

मंडला महावीर न्यूज 29. मंडला जिले में इन दिनों कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। रविवार को जिले में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कान्हा नेशनल पार्क के भिलवानी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो जिले में सबसे कम दर्ज किया गया। बताया गया कि पिछले लगभग 10 दिनों से जिले का न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे लोगों को तीव्र ठंड का अहसास हो रहा है। शनिवार को मंडला शहर का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।जानकारी अनुसार विश्व प्रसिद्ध कान्हा नेशनल पार्क में भी अत्यधिक ठंड पड़ रही है। रविवार सुबह कान्हा का तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पार्क के भिलवानी में 7.8 डिग्री सेल्सियस, सूपखार में 8.1 डिग्री सेल्सियस, मुक्की में 10.4 डिग्री सेल्सियस, किसली में 10.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। इस ठंडे मौसम के बावजूद पर्यटक उत्साह के साथ सफारी का आनंद ले रहे हैं। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, लेकिन धूप निकलने के साथ ही यह छंट गया।

मौसम में बदलाव की संभावना 

तापमान में गिरावट और हल्की हवा के कारण दिन के समय भी ठंड का अहसास हो रहा है, जो शाम ढलने के साथ और बढ़ जाती है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पूर्व भारत के ऊपर 176 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उपोष्ण पश्चिमी जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। हालांकि मध्यप्रदेश के ऊपर मौसम साफ बना हुआ है और आगामी 3-4 दिनों में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।


 

Leave a Comment