दो साल पुरानी सड़क पर फिर लाखों का निर्माण कार्य
- आरईएस विभाग पर मिली भगत का आरोप
- मल्ठार-खम्हेर टोला सड़क में घटिया कार्य
- न बोर्ड लगा न अधिकारी मौजूद
मंडला महावीर न्यूज 29. जिले के जेवरा से मल्ठार पहुंच मार्ग से खम्हेर टोला पहुंच मार्ग पर ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग के अंतर्गत बन रही सुदूर सड़क के निर्माण में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने आरईएस अधिकारियों की मिलीभगत से घटिया निर्माण और शासकीय राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।
पूर्व सरपंच मोतीलाल कुलस्ते और पूर्व उपसरपंच ओमकार सिंह वरकड़े ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2023-24 में इसी मार्ग पर लगभग 7 लाख रुपये की लागत से सुदूर सड़क का निर्माण किया गया था। हैरानी की बात यह है कि मात्र दो वर्ष भी नहीं बीते हैं और उसी पुरानी सड़क के ऊपर पुन: सुदूर सड़क का निर्माण किया जा रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि यह जानबूझकर शासन के पैसे की बर्बादी है। पुरानी सड़क के ऊपर माटी और मुरुम डालकर शासकीय राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है।
जानकारी छिपाने के लिए बोर्ड गायब
मल्ठार के ग्रामीणजनों ने बताया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और प्राक्कलन की अनदेखी की जा रही है। सड़क निर्माण में प्राक्कलन के अनुसार सड़क की मोटाई, चौड़ाई और अर्थवर्क नहीं किया जा रहा है। साइड सोल्डर भी नहीं बनाए जा रहे हैं। निर्माण में उपयोग की जा रही मुरुम का अवैध उत्खनन किया जा रहा है, जिसकी अनुमति नहीं ली गई है। इससे उत्खनन विभाग को रॉयल्टी का नुकसान हो रहा है। निर्माण में पारदर्शिता पर पर्दा डालने के लिए मौके पर कोई बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे सड़क की दूरी, लंबाई, चौड़ाई, लागत, पुलिया, पाइप की संख्या और सामग्री मिश्रण अनुपात गिट्टी, रेत, सीमेंट जैसी कोई भी जानकारी आमजन को नहीं मिल पा रही है।
कार्यस्थल पर उपस्थित नहीं रहते अधिकारी
ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण स्थल पर आरईएस विभाग का कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं रहता, जिसके कारण काम भगवान भरोसे चल रहा है। पूर्व सरपंच मोतीलाल और ओमकार सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा है कि ठेकेदार और आरईएस अधिकारियों की मिलीभगत से निर्माण में लीपापोती की जा रही है।
तहसीलदार ने दिए जांच के निर्देश
ग्रामीणों ने बताया कि संबंधित पटवारी हल्का नंबर न होने के कारण अवैध उत्खनन धड़ल्ले से चल रहा है। इस संबंध में जब नायब तहसीलदार से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि मौके स्थल की जांच करके नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।










